Amarnath Yatra: श्री अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हो रही है. इसके लिए 15 अप्रैल से पंजीकरण शुरू हो गए हैं. पहले दिन देश भर में 554 बैंक शाखाओं पर 17 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया. यात्रा तीन जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी. आम तौर पर 40 से 60 दिन तक चलने वाली बाबा बर्फानी की तीर्थ यात्रा इस वर्ष 57 दिनों तक चलेगी. पंजीकरण की सुविधा फिलहाल 3 अगस्त तक है. इसके आगे की तारीख पर बाद में घोषणा की जाएगी.
जम्मू में बुधवार की सुबह से ही बैंकों के बाहर लाइन लग चुकी थी. महिलाएं, युवा-बुजुर्ग, सभी बाबा बर्फानी का उद्घोष कर रहे थे. पंजीकरण के दौरान लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे. कोई पहली बार तो कोई हर साल यात्रा पर जाने वाले थे.
समूह पंजीकरण के लिए दिशा–निर्देश जारी
श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने समूह पंजीकरण से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. 5 से 30 श्रद्धालुओं के समूहों के लिए विशेष पंजीकरण सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके तहत इच्छुक यात्री एक साथ आवेदन कर सकते हैं. बोर्ड के मुताबिक, समूह पंजीकरण के लिए आवेदन 15 अप्रैल 2026 से पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजे जा सकते हैं, जबकि आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि 20 मई निर्धारित की गई है. पंजीकरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा, जो तिथि और मार्ग के अनुसार उपलब्ध स्लॉट पर निर्भर करेगा.
समूह के प्रत्येक सदस्य के लिए निर्धारित आवेदन पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार संख्या और संपर्क विवरण अनिवार्य होंगे. इसके साथ ही अधिकृत डॉक्टर या चिकित्सा संस्थान द्वारा जारी अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाण पत्र की मूल प्रति भी जमा करनी होगी. पंजीकरण शुल्क 250 रुपये प्रति यात्री रखा गया है, जिसे दस्तावेज सत्यापन और यात्रा तिथि आवंटन के बाद ही ऑनलाइन या बैंक ट्रांसफर के माध्यम से जमा करना होगा. आवेदन के साथ डिमांड ड्राफ्ट जमा करने की आवश्यकता नहीं है.
ये लोग यात्रा के लिए नहीं होंगे पात्र
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 13 वर्ष से कम और 70 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति तथा छह सप्ताह से अधिक गर्भवती महिलाएं यात्रा के लिए पात्र नहीं होंगी. साथ ही, केवल 8 अप्रैल 2026 के बाद जारी किए गए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र ही मान्य होंगे.
ई-केवाईसी पूरा करें, RFID कार्ड प्राप्त करें
श्राइन बोर्ड के मुताबिक, समूह पंजीकरण के बाद यात्रियों को निर्धारित केंद्रों पर बायोमेट्रिक ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर रेडियो फ्रीक्वेंस आईडेंटीफिकेशन (आरएफआईडी) कार्ड प्राप्त करना होगा. बिना वैध आरएफआईडी कार्ड के डोमेल-बालटाल या चंदनवाड़ी के प्रवेश द्वार से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी. श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजो और दिशानिर्देशों का पालन करते हुए समय रहते आवेदन करें ताकि यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा न हो.
इन बैंक शाखाओं में हो रहा पंजीकरण– जम्मू एंड कश्मीर बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, एसबीआई और यस बैंक.

