छत्तीसगढ़ में आसमानी आफतः जलमग्न हुए इलाके, कई मार्ग बंद, पांच लोगों की मौत

Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Heavy Rain In Chhattisgarh: पिछले कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ में बारिश के नाम पर आसमान से आफत बरस रही है. भारी बारिश से जन-जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है. लगातार हो रही बारिश की वजह से निचले इलाकों में जल-जमाव हो गया है. नदियां और नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर सड़क संपर्क बाधित होने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. वर्षाजनित विभिन्न हादसों में अब तक कम से कम पांच लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है. अधिकारियों के मुताबिक, इस आपदा से रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभाग सबसे अधिक प्रभावित हैं.

कई मुख्य मार्ग बंद, ओडिशा से संपर्क टूटा

बारिश की वजह से कई मुख्य मार्ग बंद कर दिए गए हैं. रायपुर को पड़ोसी राज्य ओडिशा से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग-130 भारी जलभराव के कारण पूरी तरह बंद है. इसके अलावा गरियाबंद-महासमुंद, गरियाबंद-नगरी-धमतरी और कोचबाय-मालगांव-कसानाला मार्ग भी यातायात के लिए बाधित हैं. बीजापुर जिले में भी संपर्क मार्ग कट गए हैं, जिससे सैकड़ों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है.

अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत

विभिन्न जिलों में हुए हादसों में लोगों की जान गई है. गरियाबंद में उफनते सरगी नाले को पार करते समय 55 वर्षीय एक व्यक्ति बह गया, जिसका शव खुटेरी गांव के पास मिला. सारंगढ़-बिलाईगढ़ में लाट नाले के पुल को पार करते समय कार सहित बहे एक दंपति का शव बुधवार को बरामद किया गया. वहीं, सक्ती जिले के दमऊधारा जलप्रपात में तेज बहाव में बहे दुर्ग-भिलाई के 20 वर्षीय युवक का शव 24 घंटे के अभियान के बाद बरामद किया गया. बीजापुर में पेड़ गिरने से एक किसान की जान चली गई.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. गरियाबंद में सिकासार बांध के 16 फाटक खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है. एहतियात के तौर पर पंतोरा के शासकीय बालिका आवासीय विद्यालय की 50 से अधिक छात्राओं को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया. गरियाबंद जिला अस्पताल परिसर में भी पानी भर गया है. धमतरी में भी सोंढूर बांध के फाटक खोले गए हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और उफनती नदियों या पुलों को पार करने का जोखिम न उठाएं.

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

Latest News

वैज्ञानिकों ने धरती पर उतारा सूरज! जानिए क्या होगा इसका काम

India Artificial Sun: चांद तारे तोड़ने की बात आपने सुनी होगी, लेकिन अब भारतीय वैज्ञानिकों ने सूरज तोड़ने वाली...

More Articles Like This