गर्मियों में चाहिए ठंडक और इंस्टेंट एनर्जी? रोजाना करें आम पन्ना का सेवन
गर्मी के बढ़ते तापमान में शरीर को हाइड्रेट रखना स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है.
डिहाइड्रेशन से बचने के लिए प्राकृतिक और स्वादिष्ट कोल्ड ड्रिंक का सेवन सबसे अच्छा विकल्प है.
ऐसे में सबसे आसानी से तैयार और सेहत के लिए लाभदायी कोल्ड ड्रिंक में से एक है आम पन्ना.
नेशनल हेल्थ मिशन तेज धूप और लू के मौसम में पर्याप्त तरल पदार्थों के सेवन पर जोर देता है, जिसमें आम पन्ना बेहतरीन विकल्प है
यह कच्चे आम से बनता है. जो न सिर्फ शरीर को ठंडक और ताजगी देता है, बल्कि इंस्टेंट एनर्जी भी प्रदान करता है.
आम पन्ना शरीर की गर्मी को कम करने, पाचन सुधारने और डिहाइड्रेशन से बचाने में बेहद प्रभावी है..
यही वजह है कि इसे आयुर्वेद में प्राकृतिक कूलिंग एजेंट माना जाता है.
कच्चे आम में मौजूद एसिड और फाइबर पाचन एंजाइम्स को सक्रिय करते हैं और इसमें पुदीना और जीरा मिलाने से ब्लोटिंग, एसिडिटी, कब्ज जैसी समस्याएं कम होती हैं.
इसके अलावा, इसमें विटामिन सी भरपूर मात्रा में होता है, जो इम्युनिटी बढ़ाता है. इससे संक्रमण और मौसमी बीमारियों से बचाव होता है.
साथ ही यह शरीर की गर्मी को संतुलित रखता है और लू या हीट स्ट्रोक के खतरे को कम करता है.
आम पन्ना प्राकृतिक रूप से शरीर का तापमान नियंत्रित करने में मदद करता है. इसके अलावा, यह त्वचा के लिए भी फायदेमंद है.
विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाते हैं. वहीं, गर्मी में होने वाली थकान-कमजोरी को दूर करने में यह इंस्टेंट एनर्जी बूस्टर का काम करता है.