बसंत पंचमी पर करें इन चीजों का दान, मां सरस्वती की बनी रहेगी कृपा

हर साल माघ माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी को बसंत पंचमी का त्योहार मनाया जाता है. हिन्‍दू धर्म में इस पर्व का विशेष महत्‍व है.

इस‍ दिन बुद्धि, ज्ञान और कला की देवी मां सरस्वती की पूजा अराधना की जाती है. इस दिन भक्‍त मां सरस्‍वती के निमित्‍त व्रत रखते हैं.

माना जाता है कि ऐसा करने से साधक को शिक्षा के क्षेत्र में सफलता हासिल होती है और तरक्की के मार्ग खुलते हैं.

सरस्‍वती पूजा के दिन दान करने का भी विधान है. मान्‍यताओं के अनुसार इस दिन विशेष चीजों का दान करने से पुण्य फल की प्राप्ति होती है.

चलिए जानते हैं कि बसंत पंचमी के दिन किन चीजों का दान करना शुभ होता है.

बसंत पंचमी के दिन किसी ऐसे बच्‍चे को जो पढ़ना चाहता है उसे पढ़ाई से संबंधित चीजों का दान करना चाहिए. ऐसा करने से सरस्वती माता का आशीर्वाद प्राप्त होता है.

मां शारदा को पीला रंग अति प्रिय है. ऐसे में बसंत पंचमी के अवसर पर पीले रंग के वस्‍त्रों का दान करना चाहिए. पीले रंग की चीजों का दान करना बेहद शुभ माना गया है. 

बसंत पंचमी के दिन फूलों का दान करना बेहद शुभ माना गया है. केवल पीले या सफेद ही नहीं, बल्कि अन्‍य रंगों के फूल भी आप मां के चरणों में अर्पित कर सकते हैं. 

मां सरस्वती की पूजा के दौरान उन्हें फूल अर्पित करें. माना जाता है कि फूल का दान करने से वाणी, बुद्धि और आतंरिक कुशलता में वृद्धि होती है.