शादी के लिए तलाश रहे लड़का? लुक्स और सैलरी से ज्यादा इन आदतों पर दें ध्यान

शादी जीवन का एक अहम और बड़ा निर्णय होता है. रिश्ता तय करते समय आमतौर पर परिवार और लड़की की नजर लड़के की नौकरी, कमाई और उसके लुक्स पर जाती है.

हालांकि, अच्छी सैलरी और आकर्षक व्यक्तित्व अपने आप में सुखी वैवाहिक जीवन की गारंटी नहीं होते. एक मजबूत और खुशहाल रिश्ते के लिए लड़के की सोच, व्यवहार और रोजमर्रा की आदतों पर भी ध्यान देना उतना ही जरूरी है.

चाणक्य नीति में भी जीवनसाथी का चुनाव करते समय व्यक्ति के बाहरी रूप या संपत्ति से ज्यादा उसके गुण, स्वभाव और व्यवहार को महत्व देने की बात कही गई है. आइए जानते हैं वो कौन सी आदते हैं…

कोई लड़का आपके सामने कितना अच्छा व्यवहार करता है, इससे उसके व्यक्तित्व की पूरी तस्वीर सामने नहीं आती. यह देखना भी जरूरी है कि वह अपने माता-पिता, दोस्तों, सहकर्मियों और दूसरे लोगों से किस तरह पेश आता है.

क्या वह दूसरों की बात ध्यान से सुनता है? क्या वह उन्हें सम्मान देता है? अगर कोई व्यक्ति आम लोगों से भी रूखेपन या बदतमीजी से पेश आता है, तो उसके व्यवहार के इस पहलू को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. दूसरों के प्रति उसका रवैया उसके स्वभाव की अहम झलक देता है.

अच्छे समय में खुश और शांत रहना आसान होता है, लेकिन मुश्किल परिस्थितियां इंसान के धैर्य की असली परीक्षा लेती हैं. इसलिए शादी से पहले यह समझने की कोशिश करें कि तनाव या परेशानी के वक्त वह किस तरह प्रतिक्रिया देता है.

सिर्फ मौजूदा कमाई या बैंक बैलेंस के आधार पर जीवनसाथी का चुनाव करना पर्याप्त नहीं है. आर्थिक स्थिति समय के साथ बदल सकती है. ज्यादा जरूरी यह समझना है कि वह अपनी जिम्मेदारियों को किस नजरिए से देखता है.

क्या वह अपने काम और परिवार के प्रति जिम्मेदार है? क्या वह भविष्य की योजनाओं के बारे में सोचता है? क्या मुश्किल आने पर जिम्मेदारियों का सामना करता है या उनसे बचने की कोशिश करता है? इन सवालों के जवाब उसके व्यक्तित्व को समझने में मदद कर सकते हैं.

स्वस्थ रिश्ते की नींव आपसी सम्मान और बराबरी पर टिकी होती है. इसलिए शादी से पहले यह जानना जरूरी है कि लड़का महिलाओं की राय और उनके फैसलों को कितनी अहमियत देता है. उसका अपनी मां, बहन या परिवार की दूसरी महिलाओं के साथ व्यवहार कैसा है, इस पर भी गौर किया जा सकता है.

बार-बार गुस्सा करना, झूठ बोलना या शराब और जुए जैसी आदतें रिश्ते में गंभीर परेशानियां पैदा कर सकती हैं. इसलिए शादी से पहले ऐसी आदतों को नजरअंदाज करने के बजाय उनके बारे में स्पष्टता रखना जरूरी है.