आज से बंगाल में महिलाएं सरकारी बसों में कर सकेंगी मुफ्त यात्रा, जान लें ये नियम 

पश्चिम बंगाल सरकार ने महिलाओं को एक बड़ी सौगात दी है. राज्य सरकार की 'वेस्ट बंगाल ट्रांसपोर्ट स्कीम' के तहत महिलाएं आज से सरकारी बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी. 

चाहे सफर स्थानीय रूटों का हो या लंबी दूरी का NBSTC, SBSTC, WBTC और CTC की सभी सरकारी बसों में महिलाएं फ्री में सफर कर पाएंगी.

इस स्कीम का लाभ उठाने के लिए सरकार जल्द ही महिलाओं को पिंक कार्ड जारी करेगी.

हालांकि, कार्ड बनने से पहले आप कैसे इस योजना का लाभ उठा सकते हैं. आइए हम आपको बताते हैं...

दरअसल, पिंक कार्ड एक फ्री ट्रैवल पास की तरह काम करेगा. बस में चढ़ने के बाद कंडक्टर के पास मौजूद ई-पॉस मशीन में इस कार्ड को स्वाइप या QR कोड को स्कैन कराकर महिलाएं मुफ्त में जीरो-वैल्यू टिकट ले सकेंगी.

ध्यान रहे कि ये कार्ड जिस महिला के नाम पर जारी होगा, सिर्फ वही इसका लाभ ले पाएंगी; उनके परिवार का कोई अन्य सदस्य इस पर सफर नहीं कर सकता. इस कार्ड को पाने के लिए महिला का बंगाल का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है.

आज से ही मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए महिलाएं आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड,

फोटो सहित कोई भी सरकारी नौकरी या पेंशन से जुड़ा वैध दस्तावेज में से कोई भी एक दस्तावेज कंडक्टर को दिखाकर मुफ्त ‘जीरो-वैल्यू टिकट’ प्राप्त कर सकती हैं.