बरसात के मौसम में बुखार, सर्दी, खांसी, जुकाम जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है.
बड़े हों या बच्चे हर कोई बरसात में वायरल फीवर की चपेट में आ ही जाता है. ऐसे में बुखार आने पर कुछ विशेष बातों का ख्याल रखना बेहद जरूरी है.
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, बुखार में की गई कुछ लापरवाही आपकी परेशानियां बढ़ा सकती हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि बुखार के दौरान क्या सावधानियां बरतनी चाहिए…
बुखार के दौरान कुछ लोग ठंडे पानी से नहा लेते हैं, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, ऐसा करना बिल्कुल गलत है. बुखार में कोशिश करें कि 1-2 दिन बिना नहाए रहें. अगर आपका नहाने का मन है, तो आप गुनगुने पानी से बाथ ले सकते हैं.
बुखार के दौरान फलों का सेवन करना सेहतमंद होता है, लेकिन कुछ फल ऐसे होते हैं जो आपका बुखार और बढ़ा सकते हैं. बुखार आने पर केला, तरबूज, नींबू, खट्टा फल, संतरा खाने से बचें.
सेहतमंद शरीर के लिए व्यायाम बेहद जरूरी है, लेकिन बुखार आने पर एक्सरसाइज करने से परहेज करें. शरीर का तापमान एक्सरसाइज करने से बढ़ जाता है. इससे आपको कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
बुखार के दौरान ठंडी चीजों को खाने से परहेज करें. जैसे लस्सी, रायता, दही, छाछ. इनका सेवन करने से बुखार बढ़ सकता है.
बुखार के दौरान डाइट का विशेष ख्याल रखें. इससे आपका डाइजेशन सही रहता है. ज्यादा मसालेदार खाने का सेवन न करें. साथ ही खाना खाने के बाद कुछ देर घर में ही टहलें.