बॉस से ये 5 बातें कहने की न करें भूल, वरना खतरे में पड़ सकती है नौकरी!

ऑफिस में बॉस के साथ बातचीत का तरीका आपके प्रोफेशनल करियर पर काफी असर डाल सकता है. कई बार गुस्से, दबाव या जल्दबाजी में हम ऐसी बात कह देते हैं, जिसका मतलब सामने वाला हमारी सोच से बिल्कुल अलग निकाल लेता है.

खासकर बॉस के सामने कही गई कुछ बातें आपकी प्रोफेशनल छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं. चाहे आपके और बॉस के बीच अच्छी बॉन्डिंग क्यों न हो, ऑफिस में बातचीत के दौरान प्रोफेशनल सीमाओं का ध्यान रखना जरूरी है.

गलत तरीके से कही गई बात से बॉस को लग सकता है कि आप जिम्मेदारी लेने से बचते हैं, नई चुनौतियों से घबराते हैं या टीम के साथ काम करने में सहज नहीं हैं. इसका असर आपके काम, प्रमोशन और भविष्य के अवसरों पर भी पड़ सकता है.

इसलिए असहमति या परेशानी होने पर भी अपनी बात शांत और समाधान-केंद्रित तरीके से रखना बेहतर है. आइए जानते हैं वे 5 बातें, जिन्हें बॉस के सामने बोलने से बचना चाहिए…

हर ऑफिस में जिम्मेदारियां तय होती हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर टीम के किसी दूसरे काम में सहयोग करना भी प्रोफेशनलिज्म का हिस्सा है. अगर आप हर अतिरिक्त काम को सीधे मना कर देते हैं, तो इससे यह संदेश जा सकता है कि आप अपनी जिम्मेदारी से आगे बढ़कर योगदान देने के इच्छुक नहीं हैं.

किसी मुश्किल काम के सामने तुरंत यह कह देना कि आप इसे नहीं कर सकते, आपकी छवि पर असर डाल सकता है. बॉस को लग सकता है कि आप चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रयास करने से पहले ही पीछे हट जाते हैं.

काम में समस्या आने पर किसी सहकर्मी पर सीधे आरोप लगाना आपको जिम्मेदारी से बचने वाला दिखा सकता है. भले ही गलती वास्तव में किसी और की हो, बॉस के सामने पहले समाधान पर बात करना ज्यादा समझदारी है.

पुराने ऑफिस के अनुभव साझा करना गलत नहीं है, लेकिन हर बात की तुलना मौजूदा कंपनी से करना ठीक नहीं माना जाता. बार-बार यह बताना कि पहले चीजें बेहतर तरीके से होती थीं, आपके मौजूदा कार्यस्थल के प्रति नकारात्मक रवैये के तौर पर लिया जा सकता है.

गुस्से या दबाव में नौकरी छोड़ने की धमकी देना आपके लिए उल्टा पड़ सकता है. इससे बॉस को लग सकता है कि आप मुश्किल स्थिति में बातचीत करने के बजाय नौकरी छोड़ने का विकल्प सामने रख देते हैं.

अगर आपको काम, वेतन, टीम या किसी फैसले से गंभीर परेशानी है, तो शांत तरीके से अपनी समस्या और अपेक्षाओं पर चर्चा करें. इस्तीफे जैसी बात तभी उठाएं, जब आपने इस फैसले पर वास्तव में विचार कर लिया हो.