सितंबर में कब है जन्माष्टमी, हरितालिका तीज और गणेश चतुर्थी, देखें लिस्ट
आज यानी शनिवार से सितंबर महीने की शुरुआत हो गई है. सितंबर माह के पहले दिन से ही हिंदू पंचांग के भाद्रपद माह की भी शुरुआत हो रही है.
भाद्रपद माह में हिंदू धर्म के कई प्रमुख व्रत त्योहार पड़ने वाले हैं. वहीं इसी महीने पितृपक्ष भी शुरू हो रहा है. आइए जानते हैं सितंबर महीने में कौन-कौन से व्रत त्यौहार कब-कब पड़ रहे हैं.
इस महीने जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, हरतालिका तीज, पितृपक्ष जैसे बड़े पर्व, व्रत और त्यौहार आने वाले हैं.
भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को कृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाती है. इस साल जन्माष्टमी 4 सितंबर की रात 12 बजे मनाई जाएगी.
भाद्रपद शुक्ल तृतीया को हरतालिका तीज मनाई जाती है. इस साल यह तिथि 13 सितंबर की सुबह 07:08 बजे से प्रारंभ होगी और 14 सितंबर की सुबह 07:06 बजे तक रहेगी. उदयातिथि के अनुसार हरतालिका तीज 14 सितंबर को मनाई जाएगी.
भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी तिथि को भगवान गणेश का जन्मदिवस माना जाता है और इसी दिन से 10 दिन का गणेशोत्सव प्रारंभ होता है. इस साल चतुर्थी तिथि 14 सितंबर की सुबह 07:06 बजे से शुरू होगी और 15 सितंबर की सुबह 07:44 बजे समाप्त होगी. लिहाजा 14 सितंबर से गणेश उत्सव शुरू होगा.
भाद्रपद शुक्ल चतुर्दशी को गणेश विसर्जन होता है. साथ ही भगवान विष्णु के अनंत रूप की पूजा की जाती है. चतुर्दशी तिथि 24 सितंबर की रात 11:18 बजे शुरू होगी और 25 सितंबर की रात 11:06 बजे समाप्त होगी. उदयातिथि के अनुसार 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी मनाई जाएगी.
अश्विन मास की प्रतिपदा तिथि से पितृ पक्ष शुरू होगा. 15 दिन के पितरों के प्रति सम्मान जताने के इस पर्व में रोजाना श्राद्ध, तर्पण आदि पितृ कर्म किए जाएंगे. इस साल 27 सितंबर से 10 अक्टूबर तक पितृ पक्ष चलेंगे.