देशभर में स्वाइन फ्लू ने बरपाया कहर, जानिए इसके लक्षण
देश के कई हिस्सों में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 ने अपना क़हर बरपाना शुरू कर दिया है. मानसून के दौरान इसके मामले तेजी से बढ़ रहे हैं.
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. वहीं, इस संक्रमण से हुई मौत के कारण लोग दहशत में हैं.
ऐसे में आइए जानते हैं कि स्वाइन फ्लू के क्या लक्षण हैं और इससे कैसे बचा जा सकता है…
एक्टपर्ट्स के मुताबिक़, स्वाइन फ्लू के सामान्य लक्षणों में तेज बुखार, गले में खराश, खांसी, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, बदन व जोड़ों में दर्द और थकान शामिल हैं.
वहीं, कुछ मरीजों में भूख कम लगना, सांस लेने में परेशानी, मतली, उल्टी और दस्त जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं. संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के करीब दो दिन बाद लक्षण सामने आ सकते हैं.
हेल्थ एक्सपर्ट्स ने लोगों को खांसते और छींकते समय मुंह व नाक को रुमाल से ढकने, हाथों को साबुन-पानी से साफ़ करने की सलाह दी है.
इसके अलावा आंख, नाक और मुंह को बार-बार छूने से बचने और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से परहेज करने को कहा गया है.
वहीं, संक्रमित व्यक्ति के साथ नजदीकी संपर्क से बचने और जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.