क्या कोई आपकी प्राइवेट फोटो लीक करने की दे रहा धमकी? बिना डरे करें ये काम

सोशल मीडिया के बढ़ते दौर में ख़ुद को सुरक्षित रख पाना बहुत मुश्किल हो गया है. ख़ासकर महिलाओं को.

अक्सर ऐसी खबरें आती हैं कि किसी महिलाओं को उसकी प्राइवेट फोटोज लीक करने की धमकी दी जा रही. ऐसे मामलों में कई महिलाएं डर से सुसाइड कर लेती हैं.

लेकिन ऐसे मामलों में आपको डरने की ज़रूरत नहीं है. अगर कोई व्यक्ति आपकी फोटो लीक करने की धमकी दे रहा, तो उसे पैसे देने या और तस्वीरें भेजने से ये मामला खत्म नहीं होता.

इसके लिए सबसे पहला कदम ये है कि आप बातचीत के सभी स्क्रीनशॉट्स सुरक्षित रख लें.

इनमें फोन नंबर, यूजरनेम, प्रोफाइल लिंक, पेमेंट डिमांड और कोई भी ऐसी डिटेल शामिल होनी चाहिए जिससे आरोपी की पहचान हो सके. सबूत सुरक्षित करने से पहले मैसेज या चैट डिलीट न करें.

आप विक्टिम नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के जरिए शिकायत दर्ज करा सकते हैं या साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकते हैं. इसके अलावा पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम सेल में जाकर भी शिकायत की जा सकती है.

इन मामलों में आप सरकार के 'न्याय सेतु' प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं. ये सर्विस कानूनी जानकारी देती है और टेली-लॉ सिस्टम के जरिए एलिजिबल यूजर्स को वकीलों से भी जोड़ती है.

यूजर्स प्लेटफॉर्म के AI असिस्टेंट Dishika के जरिए अपनी बात रखकर कानूनी ऑप्शन्स की जानकारी ले सकते हैं. मामले और एलिजिबिलिटी के आधार पर यूजर्स को आगे की मदद के लिए पैनल वकीलों से भी कनेक्ट कराया जा सकता है.

अगर आपत्तिजनक तस्वीरें पहले ही इंटरनेट पर शेयर की जा चुकी हैं, तो आप StopNCII.org का इस्तेमाल कर सकते हैं. ये एक फ्री सर्विस है जिसे प्लेटफॉर्म्स पर बिना सहमति के शेयर की गई पर्सनल तस्वीरों को रोकने के लिए डिजाइन किया गया है.

ये टूल ओरिजिनल फोटो अपलोड किए बिना यूजर के डिवाइस पर ही तस्वीर का एक 'डिजिटल हैश' (यूनिक कोड) जनरेट करता है.

फिर, इसमें शामिल प्लेटफॉर्म उस हैश का इस्तेमाल करके मिलती-जुलती अपलोड की गई इमेज की पहचान कर सकते हैं और अपनी पॉलिसी के तहत कार्रवाई कर सकते हैं.

जिस प्लेटफॉर्म पर तस्वीरें दिख रही हैं, वहां उस पोस्ट या अकाउंट को सीधे रिपोर्ट करें. ब्लैकमेलर को पैसे देने या उसकी किसी भी शर्त को मानने की गलती बिल्कुल न करें.