रोजाना मेडिटेशन करने से मिलते हैं जबरदस्त फायदे, दूर होती हैं ये बीमारियां

आज के दौर में लोगों के पास खुद के लिए समय ही नहीं है. घर की जिम्मेदारियां, काम का दबाव, भागती दिनचर्या का असर लोगों की सेहत पर दिखने लगता है.

लोग बिना वजह बेचैनी महसूस करते हैं, छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करने लगते हैं. काम में उनका मन नहीं लगता.

ऐसे में जरूरी है कि आप 24 घंटे में कुछ मिनट अपने लिए निकालें. हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक़, रोजाना कुछ मिनट मेडिटेशन करने से मन शांत रहता है.

ऐसे में आइए जानते हैं मेडिटेशन करने से सेहत को क्या-क्या फायदे मिलते हैं…

मेडिटेशन करने से सोच को स्थिर रखने में मदद मिलती है. इसके नियमित अभ्यास से धीरे-धीरे मन को एक जगह टिकाने की क्षमता बेहतर होती है.

मेडिटेशन करने से दिमाग को आराम मिलता है और लगातार चल रहे विचारों की रफ्तार कम होती है. जिससे मन हल्का और शांत महसूस होता है.

मेडिटेशन डर, गुस्सा, उदासी और चिंता जैसी नकारात्मक भावनाओं से दूरी बनाने में भी मदद करता है.

मेडिटेशन सकारात्मक सोच को बढ़ाने में भी मदद करता है. इसके साथ ही एकाग्रता बढ़ती है.

मेडिटेशन करते समय व्यक्ति को अपना ध्यान सांसों पर लगाना होता है. शुरुआत में मन भटकेगा, लेकिन हर बार ध्यान को वापस उसी चीज पर लाने की कोशिश की जाती है.

मेडिटेशन याददाश्त को मजबूत बनाने में भी मदद करता है. इससे मानसिक थकान कम महसूस होती है और व्यक्ति को ताजगी का अनुभव होता है.