WhatsApp चलाते हैं तो इन 5 सेटिंग्स पर दें ध्यान, चैट-डेटा रहेगा सुरक्षित
WhatsApp हमारी रोजमर्रा की बातचीत का अहम हिस्सा बन चुका है. दोस्तों और परिवार से चैट करने के साथ हम अक्सर फोटो, वीडियो और Status भी शेयर करते हैं.
लेकिन क्या आपको पता है कि आपकी प्रोफाइल फोटो, निजी बातचीत और Status को कौन-कौन देख सकता है? WhatsApp में मौजूद कुछ प्राइवेसी फीचर्स की मदद से आप यह तय कर सकते हैं कि आपकी निजी जानकारी और गतिविधियां दूसरों को कितनी दिखाई देंगी.
Meta के मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp में आपकी प्राइवेसी को बेहतर तरीके से मैनेज करने के लिए कई फीचर्स मौजूद हैं. अगर आप अपनी निजी बातचीत और व्यक्तिगत जानकारी को सीमित लोगों तक रखना चाहते हैं, तो WhatsApp की इन 5 जरूरी सेटिंग्स को जरूर चेक करें.
अगर WhatsApp पर आपकी कुछ निजी बातचीत है, जिसे आप दूसरों की नजरों से दूर रखना चाहते हैं, तो Chat Lock फीचर उपयोगी हो सकता है. इसे एक्टिवेट करने के बाद चुनी गई चैट सामान्य चैट लिस्ट में दिखाई नहीं देती और एक अलग Locked Chats सेक्शन में चली जाती है.
चैट लॉक करने पर सामने वाले व्यक्ति को इसकी कोई जानकारी या नोटिफिकेशन नहीं मिलता. फोन लॉक होते ही Locked Chats भी सुरक्षित हो जाती हैं. अगर आप चाहें तो Secret Code की मदद से Locked Chats वाले फोल्डर को भी छिपा सकते हैं.
WhatsApp पर किसी को मैसेज करते समय आपकी प्रोफाइल फोटो उसे दिखाई दे सकती है. अगर आप इसे सभी लोगों के साथ शेयर नहीं करना चाहते, तो इसकी प्राइवेसी सेटिंग बदली जा सकती है.
Android यूजर्स More options > Settings > Privacy > Profile photo में जाकर यह बदलाव कर सकते हैं. वहीं iPhone पर Settings > Privacy > Profile Photo का विकल्प मिलेगा.
यहां Everyone, My Contacts, My Contacts except… और None जैसे विकल्प मिलते हैं. इनके जरिए आप तय कर सकते हैं कि प्रोफाइल फोटो सभी को दिखेगी, सिर्फ सेव किए गए कॉन्टैक्ट्स को या फिर किसी को भी नहीं.
अगर आप सिर्फ कुछ चैट नहीं, बल्कि पूरा WhatsApp सुरक्षित रखना चाहते हैं तो ऐप लॉक फीचर का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसे चालू करने के बाद WhatsApp खोलने के लिए डिवाइस के अनुसार Face ID, Touch ID, फिंगरप्रिंट या पासकोड की जरूरत पड़ सकती है.
ऐसी फोटो या वीडियो जिसे आप सामने वाले को सिर्फ एक बार दिखाना चाहते हैं, उसके लिए View Once फीचर इस्तेमाल किया जा सकता है. इस विकल्प से भेजा गया मीडिया देखने के बाद चैट में दोबारा उपलब्ध नहीं रहता.
WhatsApp Status शेयर करते समय यह जरूरी नहीं कि आपका हर अपडेट सभी कॉन्टैक्ट्स को दिखाई दे. आप अपनी Status ऑडियंस चुन सकते हैं और तय कर सकते हैं कि अपडेट किन लोगों तक पहुंचेगा. Status में किसी व्यक्ति या ग्रुप को मेंशन करने पर वे उसे अपनी ऑडियंस के साथ शेयर कर सकते हैं.