कौन हैं UP की चर्चित IAS Divya Mittal, जिन्होंने अपने पद से दिया इस्तीफा
उत्तर प्रदेश की सबसे चर्चित आईएएस में से एक दिव्या मित्तल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है.
13 वर्षों की प्रशासनिक सेवा के बाद उन्होंने इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस से इस्तीफा दे दिया. ऐसे में आइए जानते हैं कौन हैं दिव्या मित्तल…
बता दें कि दिव्या शुरुआती पढ़ाई दिल्ली में हुई. 12वीं के बाद उन्होंने IIT दिल्ली में एडमिशन लिया और 2001 से 2005 के बीच बीटेक की पढ़ाई पूरी की.
फिर दिव्या ने CAT परीक्षा पास कर IIM बेंगलुरु में एडमिशन लिया. जहां उन्होंने 2005-07 बैच में MBA किया और अपने बैच के शीर्ष 5 प्रतिशत विद्यार्थियों में स्थान बनाया.
MBA की पढ़ाई पूरी करने के बाद दिव्या ने लंदन में नौकरी की. लेकिन बाद में उन्होंने भारत लौटकर UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की.
दिव्या मित्तल ने UPSC परीक्षा अपने पहले प्रयास में पास कर IPS सेवा हासिल की और अगले प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 68 के साथ IAS सेवा में चयनित हुईं.
अपने पद से इस्तीफा देते हुए उन्होंने लिखा, "साधारण परिवेश में पलते हुए मैंने एक अच्छे, सफल जीवन का सपना देखा था. दिन-रात एक कर IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ने के बाद, लंदन में नौकरी लग गयी.
पर 'सब कुछ' पा लेने पर भी कुछ अधूरा था. अपने देश में न होना खलता था. मेरी पढ़ाई, आत्मविश्वास, दुनिया में कहीं भी सिर उठाकर चलने की ताकत, सब इस मिट्टी का कर्ज था मुझ पर. वो कर्ज चुकाना था.
चाहती थी जिस भारत का सपना देखा था, उसे बनाने वाली ईंटों पर मेरे भी हाथों के निशान हों. सो लौट आई, और IAS अधिकारी बनने का सौभाग्य मिला."
उन्होंने आखिर में लिखा, "आज आभार से आंखें नम हैं. बस एक दृश्य इनमें बसा है. लहुरिया दह की पहाड़ी की वो वृद्ध मां, जो अपने गांव में पहली बार पानी पहुंचता देख कुछ नहीं बोली.
बस कांपते हाथों से मेरा सिर छूकर आशीर्वाद दे गई. पद तो आज छूट गया, पर वह स्पर्श जीवन भर नहीं छूटेगा. और वह सपना भी नहीं छूटेगा, जो देश की इस मिट्टी ने मुझे दिया है."