ब्लास्ट से पहले ये वॉर्निंग साइन देता है AC, इग्नोर करना पड़ सकता है भारी
गर्मी शुरू होते ही AC ब्लास्ट की खबरें सामने आने लगती हैं. हाल ही में दिल्ली में AC में लगी आग के कारण 9 लोगों की मौत हो गई.
ऐसे में लोग अब AC सेफ्टी को लेकर बहस कर रहे हैं. ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि AC में गड़बड़ी आने से पहले क्या-क्या साइन मिलते हैं...
अगर आपको AC ऑन करने के बाद या इसकी यूनिट के आसपास जलने की बदबू आए तो सावधान हो जाएं. ओवरहीटिंग या किसी दूसरे इलेक्ट्रिक इश्यू के कारण ये बदबू आ सकती है.
अगर AC से धुआं निकल रहा है तो ये खतरे की घंटी है. धुआं देखते ही एसी का स्विच ऑफ कर दें और टेक्नीशियन को बुलाएं. पूरी तरह रिपेयर होने तक AC को दोबारा ऑन न करें.
AC ऑन करने पर अगर कुछ टूटने या टकराने की आवाज आए तो संभल जाएं. इसके अलावा अगर एसी सामान्य से अधिक शोर कर रहा है तो यह दिखाता है कि उसका कोई पार्ट लूज है.
अगर AC अपने आप बार-बार ऑन या ऑफ हो रहा है तो कोई बड़ी गड़बड़ है. कई बार ओवरहीटिंग के कारण ऐसा हो सकता है.
अगर काफी देर तक चलने के बाद भी AC ठंडी हवा नहीं दे रहा है तो इसमें गैस लीक हो सकती है. इसके अलावा फिल्टर साफ न होने के कारण भी एयरफ्लो पर असर पड़ता है.
अगर AC ऑन करने या इसके चालू रहने पर आपको कहीं स्पार्क या चिंगारी निकलती दिख रही है तो इसे तुरंत बंद कर दे. यह शॉर्ट सर्किट का कारण बन सकता है.
अगर AC को यूज करते समय इससे पानी लीक हो रहा है तो यह भी गड़बड़ का संकेत है. इससे इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट खराब हो सकते हैं, जो शॉर्ट सर्किट और आग लगने का कारण बन सकते हैं.