पेरिस में पब्लिक प्लेस पर शराब पीने पर लगा बैन, क्यों लिया गया ये फैसला
पेरिस प्रशासन ने एक बेहद ही चौंकाने वाला फैसला लिया है, पेरिस में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर बैन लगा दिया गया है.
बता दें कि ये फैसला किसी कानून-व्यवस्था या हुड़दंग को रोकने के लिए नहीं, बल्कि किसी और वजह से लिया गया है.
दरअसल, यूरोप इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है. लोग हीटवेव के टॉर्चर से झुलस रहे हैं. पेरिस के पुलिस प्रमुख पेट्रिस फॉरे के अनुसार, शहर के सभी अस्पतालों में मरीज पूरी तरह से भर चुके हैं.
एम्बुलेंस सर्विस को हर दिन लगभग 2,500 इमरजेंसी कॉल आ रहे हैं, जो सामान्य दिनों से करीब-करीब दोगुने हैं. वहीं, स्वास्थ्य मंत्री स्टेफनी रिस्ट के अनुसार बीते 24 घंटों में सामान्य से चार गुना ज्यादा हार्ट अटैक के मामले सामने आए हैं.
जिनमें युवा भी शामिल हैं. प्रशासन का कहना है कि इस तपती धूप और गर्मी में शराब पीना जानलेवा साबित हो रहा है. इसलिए प्रशासन ने ये फैसला लिया है.
डॉक्टरों के मुताबिक, हीटवेव के दौरान शराब पीना शरीर के लिए खतरनाक साबित हो सकता है. गर्मी में शराब पीने से शरीर में पानी की बेहद खतरनाक कमी हो जाती है.
शराब पीने से ब्लड वेसल्स फैल जाती हैं. इसके कारण ब्लड प्रेशर अचानक बहुत कम हो जाता है, जिससे इंसान को चक्कर आ जाते हैं, वह बेहोश हो सकता है.
शराब पीने के बाद इंसान का दिमाग सही फैसले नहीं ले पाता. ऐसे में लोग हीट एग्जॉशन यानी गर्मी से होने वाली थकावट के शुरुआती लक्षणों को पहचान नहीं पाते और सीधे हीट स्ट्रोक का शिकार हो जाते हैं, जो कि एक मेडिकल इमरजेंसी है.