ऑफिस में भूलकर भी न शेयर करें ये 5 बातें, वरना पड़ सकता है भारी!
ऑफिस सिर्फ काम करने की जगह नहीं है. यहां हम रोजाना कई घंटे बिताते हैं, इसलिए सहकर्मियों के साथ दोस्ती और अच्छे रिश्ते बनना स्वाभाविक है. लेकिन प्रोफेशनल रिश्तों में एक सीमा बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है.
कई बार बातचीत के दौरान हम जरूरत से ज्यादा निजी जानकारी सामने रख देते हैं और बाद में यही बातें हमारे लिए परेशानी खड़ी कर सकती हैं.
खासकर अगर आपको बिना सोचे-समझे अपनी बातें शेयर करने की आदत है, तो ऑफिस में थोड़ा सतर्क रहना जरूरी है. हर सहकर्मी आपका करीबी दोस्त नहीं होता.
कुछ निजी जानकारियां ऐसी होती हैं, जिन्हें अपने तक रखना ही बेहतर है. आइए जानते हैं ऑफिस में किन बातों को शेयर करने से बचना चाहिए…
अपनी पर्सनल लाइफ की हर परेशानी सहकर्मियों को बताना सही नहीं है. परिवार में चल रहा विवाद, आर्थिक परेशानी, कर्ज, रिश्तों की दिक्कत या कोई बेहद निजी समस्या जैसी बातें सोच-समझकर ही किसी के साथ साझा करें.
भले ही सामने वाला उस वक्त सहानुभूति दिखाए, लेकिन जरूरी नहीं कि आपकी निजी जानकारी हमेशा निजी ही रहे. ऐसी बातें आगे चलकर आपकी प्रोफेशनल इमेज को प्रभावित कर सकती हैं.
आप भविष्य में क्या करना चाहते हैं, यह जानकारी भी ऑफिस में सभी को देने की जरूरत नहीं है. अगर आप नौकरी बदलने की तैयारी कर रहे हैं, किसी दूसरी कंपनी में इंटरव्यू दे चुके हैं या किसी नए अवसर पर विचार कर रहे हैं, तो इसकी चर्चा सीमित लोगों तक ही रखें.
हर कर्मचारी अपने काम को आसान और बेहतर तरीके से करने के लिए कुछ तरीके विकसित करता है. अगर आपने किसी काम को जल्दी पूरा करने का कोई खास तरीका खोजा है, तो उसे बिना सोचे-समझे हर किसी को बताने से पहले सावधानी बरतें.
सहकर्मियों को यह पता होना सामान्य है कि आप किस इलाके में रहते हैं, लेकिन अपने घर की सटीक लोकेशन या पता हर किसी के साथ साझा करना जरूरी नहीं है. अपनी निजी सुरक्षा और प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए घर से जुड़ी जानकारी उतनी ही साझा करें, जितनी वास्तव में जरूरी हो.
ऑफिस में कमाई से जुड़ी बातें अक्सर बातचीत का हिस्सा बन जाती हैं, लेकिन अपनी सैलरी, बोनस, इंसेंटिव या दूसरे वित्तीय लाभ की बिल्कुल सटीक जानकारी हर सहकर्मी को देना जरूरी नहीं है.
एक ही पद पर काम करने वाले लोगों के बीच वेतन को लेकर तुलना कई बार अनावश्यक तनाव या गलतफहमी पैदा कर सकती है. इसलिए अपनी आर्थिक जानकारी को निजी रखना ज्यादा सुरक्षित विकल्प हो सकता है.