Weather In Up: पिछले कई दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव का खेल चल रहा है. इसी क्रम में मंगलवार को मौसम पूरी तरह से बेइमान हो गया. सुबह तो हल्के कोहरे के बीच दिन की शुरुआत हुई, लेकिन दिन में नौ बजे से बाद मौसम में अचानक बदलाव शुरु हो गया. दिन में 9.30 बजे तक राजधानी लखनऊ, कानपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में अंधेरा छा गया और आंधी के साथ ही बूंदा-बांदी का क्रम जारी हो गया. मौसम की बेइमानी से एक बार फिर से ठंड बलवान हो गई. गलन के साथ ही ठिठुरन बढ़ गई. अचानक बदले मौसम और दिन के उजाले में अंधेरा छाने से लोग मौसम की दुहाई दे रहे हैं.
उत्तर प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव जारी है. रविवार व सोमवार को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिरे. इस बीच कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चलीं. सोमवार को अलीगढ़, आगरा, गाजियाबाद, गोरखपुर में सुबह घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य तक पहुंच गई. वहीं बहराइच, अयोध्या, अमेठी, कुशीनगर, मुजफ्फर नगर, मेरठ में दृश्यता 50 मीटर ने नीचे दर्ज हुई.
मौसम विभाग की ओर से मंगलवार के लिए प्रदेश के बुंदेलखंड के इलाके हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि में बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. साथ ही 23 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है. इस बीच जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चलेंगी.
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नए विकसित हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी यूपी से शुरू हुई बूंदाबांदी का दायरा मंगलवार को बुदेलखंड, विंध्य क्षेत्र, प्रयागराज मंडल तक पहुंचेगा. प्रदेश में यह बदलाव 4 फरवरी तक रहेगा. इसके बाद कोहरा छंटेगा और तापमान में हल्की गिरावट आएगी.
यहां ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
इटावा, औरेया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाकों में.
घना से बहुत घना कोहरा की संभावना
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी व आसपास के इलाकों में.
फरवरी की शुरुआत राजधानी में गर्म मौसम के साथ हो रही है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से लखनऊ लगातार दूसरे दिन प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया. सोमवार को दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी तेज उछाल देखने को मिला, जिससे ठंड का असर कमजोर पड़ा.
सोमवार सुबह हल्के कोहरे के साथ हुई, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, आसमान साफ होता गया। तेज धूप निकली और हवा में गर्माहट महसूस की गई. दोपहर के समय मौसम पूरी तरह शुष्क रहा, जिससे लोगों को दिन में गर्मी का अहसास हुआ.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है. इसके साथ तेज हवा के साथ ही हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि सुबह के समय घना कोहरा भी छा सकता है.
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि निचले क्षोभमंडल में पंजाब और हरियाणा के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. इसी कारण राजधानी का पारा प्रदेश में सबसे अधिक रहा. मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री की बढ़त के साथ 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री की उछाल के साथ 13 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया.

