नोएडा. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सेक्टर-137 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में फेलिक्स हॉस्पिटल की ओर से आयोजित ‘नारी शक्ति महोत्सव’ उत्साह, ऊर्जा और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ सम्पन्न हुआ. महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को केंद्र में रखकर आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों महिलाओं, युवाओं और परिवारों ने भाग लिया. कार्यक्रम “मिशन शक्ति अभियान” के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस और प्रतिभा प्रदर्शन से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की गईं.
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह एथनिक वॉक से हुई, जो सेक्टर-137 स्थित फेलिक्स हॉस्पिटल से शुरू होकर बायोडायवर्सिटी पार्क तक पहुंची. गुलाबी एथनिक ड्रेस कोड में शामिल हजारों महिलाओं ने उत्साह के साथ इस वॉक में भाग लिया और महिला एकता तथा सशक्तिकरण का संदेश दिया.
महिला सशक्तिकरण समाज की सबसे बड़ी जरूरत: अमित किशोर
कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री अमित किशोर (आईएएस), माननीय रक्षा मंत्री के निजी सचिव ने कहा कि महिला सशक्तिकरण आज के समय की सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक जरूरत है. महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और नेतृत्व का परिचय दे रही हैं. ऐसे आयोजन न केवल महिलाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और समानता का संदेश भी देते हैं.
उन्होंने कहा कि जब समाज महिलाओं की प्रतिभा और अधिकारों को स्वीकार करता है, तभी सच्चे अर्थों में प्रगति संभव होती है. उन्होंने डॉ. डी.के. गुप्ता, डॉ. रश्मि गुप्ता एवं फेलिक्स हॉस्पिटल के सभी कर्मचारियों को इस सफल आयोजन की हार्दिक बधाई दी.
महिलाओं की भागीदारी से ही संतुलित विकास संभव: वंदना त्रिपाठी
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीमती वंदना त्रिपाठी (आईएएस) ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना किसी भी समाज का संतुलित विकास संभव नहीं है. आज महिलाएं प्रशासन, शिक्षा, विज्ञान, खेल और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं.
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं और समाज में उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं. स्वास्थ्य और फिटनेस के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को जोड़ना एक सराहनीय पहल है.
महिलाओं की सुरक्षा समाज और प्रशासन की जिम्मेदारी: ट्विंकल जैन
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि और गौतमबुद्ध नगर की एडिशनल डीसीपी व स्टाफ ऑफिसर श्रीमती ट्विंकल जैन (आईपीएस) ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है. पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार संवेदनशील और सक्रिय है.
उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं को जागरूक और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. महिलाओं को अपनी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए तथा किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने में संकोच नहीं करना चाहिए.
महिलाएं देश की सुरक्षा की भी मजबूत आधारशिला: कर्नल सोफिया कुरैशी
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि कर्नल सोफिया कुरैशी, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका और पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की जानकारी साझा की, ने कहा कि महिलाएं केवल परिवार और समाज की शक्ति नहीं हैं, बल्कि देश की सुरक्षा और सम्मान की भी मजबूत आधारशिला हैं.
उन्होंने कहा कि जब अवसर और विश्वास मिलता है, तो महिलाएं किसी भी चुनौती का सामना पूरी क्षमता और साहस के साथ कर सकती हैं. नारी सशक्तिकरण केवल एक विचार नहीं, बल्कि राष्ट्र की प्रगति का मार्ग है.
समाज की प्रेरणादायक महिलाओं को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर समाज की कई विशिष्ट महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा, मीडिया और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपने महत्वपूर्ण योगदान से प्रेरणा प्रस्तुत की है.
इनमें अंकिता राज, सीमा गुप्ता, स्नेहा राय, प्रमिला दीक्षित, सुचेरिता कुकरेती, एलीना दयाल, सुप्रिया द्विवेदी, नेहा रघुवंशी और डॉ. रचना राय सहित अन्य कई महिलाओं को सम्मानित किया गया.
स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली पर जोर
फेलिक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. डी.के. गुप्ता ने बताया कि अस्पताल का उद्देश्य केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना भी है. ‘नारी शक्ति महोत्सव’ के माध्यम से महिलाओं को स्वास्थ्य, फिटनेस और आत्मविश्वास के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है.
वहीं फेलिक्स हॉस्पिटल की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को एक ऐसा मंच देना था, जहां वे अपनी प्रतिभा दिखा सकें और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकें.
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शहर की बड़ी संख्या में महिलाओं, परिवारों और युवाओं ने भाग लिया, जो इस बात का संकेत है कि समाज में महिला सशक्तिकरण को लेकर सकारात्मक सोच विकसित हो रही है. महिला दिवस के अवसर पर आयोजित ‘नारी शक्ति महोत्सव’ ने न केवल महिलाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को मंच दिया, बल्कि स्वास्थ्य, फिटनेस और सामाजिक भागीदारी का मजबूत संदेश भी दिया.
जुम्बा, हेल्थ टॉक और टैलेंट हंट बने आकर्षण
बड़ी संख्या में महिलाएं इस वॉक में शामिल हुईं, जिससे पूरा माहौल उत्साह से भर गया. इसके बाद पार्क में जुम्बा सेशन, हेल्थ टॉक, कपल वॉक, फन एक्टिविटीज और अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण टैलेंट हंट प्रतियोगिता रही, जिसमें महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि प्रतिभागियों ने सिंगिंग, डांसिंग, शायरी, पुश-अप्स सहित कई रचनात्मक और फिटनेस आधारित प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
कार्यक्रम में बच्चों के साथ बड़ों ने भी अपनी प्रतिभा का हुनर दिखाया. आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई थी, जिससे सभी लोगों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया.
यह भी पढ़े: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आज, राष्ट्रपति मुर्मु समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

