T20 World Cup 2026 Final: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में अब टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा करने की कोशिश करेगी.
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि सैंटनर का यह फैसला जोखिम भरा साबित हो सकता है, क्योंकि भारतीय टीम हाल के मैचों में पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन कर चुकी है. सेमीफाइनल में भी भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर बनाया था और दमदार जीत दर्ज की थी.
पिच पर बन सकते हैं बड़े रन
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है. इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर करीब 175 से 180 रन के बीच रहा है.
हालांकि अगर पिच सपाट रही तो यहां 200 से ज्यादा का स्कोर भी बन सकता है. ऐसे में अगर टीम इंडिया 200 के पार पहुंचती है तो न्यूजीलैंड के लिए लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल हो सकता है. भारतीय बल्लेबाज इस समय शानदार फॉर्म में हैं, जिससे मैच में बड़े स्कोर की उम्मीद की जा रही है.
भारत ने बरकरार रखी विनिंग कॉम्बिनेशन
फाइनल मुकाबले के लिए भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है. टीम इंडिया सेमीफाइनल में जीत दिलाने वाली उसी टीम के साथ मैदान में उतरी है.
वहीं न्यूजीलैंड ने अपनी टीम में एक बदलाव किया है. किवी टीम ने अतिरिक्त तेज गेंदबाज को शामिल करते हुए जैकब डफी को प्लेइंग इलेवन में जगह दी है.
दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह
न्यूजीलैंड: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिशेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी
फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है. अब देखना दिलचस्प होगा कि टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करते हुए कितना बड़ा स्कोर खड़ा करती है और क्या न्यूजीलैंड उस लक्ष्य को हासिल कर पाती है.

