UP में मौसम का बड़ा पलटवार! 40 जिलों में बारिश से 12°C गिरा पारा, अब लौटेगी झुलसाने वाली गर्मी

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

UP Weather Update: मई की शुरुआत में जहां तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी, वहीं अब मौसम ने अचानक करवट लेकर राहत दे दी है. प्रदेश के करीब 40 से अधिक जिलों में शुक्रवार को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने ऐसा असर दिखाया कि तापमान में 4 से 12 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई. दो दिनों की इस बदलती हवा ने लोगों को गर्मी से राहत की सांस लेने का मौका दिया, लेकिन यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं दिख रही.

लखनऊ समेत कई जिलों में पारा लुढ़का

राजधानी लखनऊ में लगातार दूसरे दिन तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया. यहां अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. लखनऊ के अलावा अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर, सुल्तानपुर, अमेठी, वाराणसी, कानपुर, उन्नाव, बलिया और गाजीपुर समेत कई जिलों में दिन का तापमान गिरकर 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया.

आंधी-बारिश का दिखा बड़ा असर

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, लगातार दो दिनों तक चली तेज हवाओं और बारिश ने पूरे प्रदेश के मौसम को ठंडा कर दिया. कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने से वातावरण में ठंडक घुल गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली.

उरई सबसे गर्म, हरदोई में सबसे ठंडी रात

जहां एक ओर कई जिलों में तापमान गिरा, वहीं उरई में लगातार दूसरे दिन भी गर्मी का असर बना रहा और यहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा. दूसरी तरफ हरदोई में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे यहां रात सबसे ठंडी रही.

रविवार को फिर चढ़ेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आसमान साफ रहने की संभावना है. तेज धूप निकलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. यानी एक बार फिर लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.

सोमवार से फिर बदलेगा मौसम

हालांकि यह गर्मी ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है. मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इसके असर से पूर्व से पश्चिम तक प्रदेश के कई हिस्सों में 2 से 3 दिनों तक आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है.

पूर्वी यूपी और तराई में हल्की बारिश

शनिवार को बारिश का दायरा थोड़ा सिमट गया, लेकिन पूर्वी और तराई क्षेत्रों में सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली. इसका असर रविवार तक बना रह सकता है.

Latest News

शोध में दावा: सिर्फ 12 मिनट में ब्रेन ट्यूमर की पहचान करेगा AI सिस्टम, अब महंगे टेस्ट और लंबे इंतजार की जरूरत खत्म

Health Tips: वैज्ञानिकों ने एक ऐसी नई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक विकसित की है, जो महज 12 मिनट में...

More Articles Like This