FIFA World Cup 2026: मेक्सिको ने फीफा विश्व कप 2026 में ग्रुप-ए के मुकाबले में साउथ कोरिया को 1-0 से हराया. इसी के साथ मेक्सिको वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में पहुंचने वाली पहली टीम बनी. मेक्सिको की जीत के हीरो लुईस रोमो रहे, जिन्होंने 50वें मिनट में गोल दागा. मेक्सिको टूर्नामेंट की सह मेजबान भी है. मैच जब गोलरहित बराबरी पर चल रहा था तब खेल के 58वें मिनट में दक्षिण कोरिया के गोलकीपर किम सेउंग-ग्यू और डिफेंडर ली गी-ह्युक के बीच टक्कर होने से गेंद पेनल्टी एरिया के अंदर छूट गई.
यह मेक्सिको के लिए एक बड़ी जीत
रोमो के पास यह सुनहरा मौका था और उन्होंने गेंद को आसानी से खाली नेट में डालकर गोल कर दिया जो बाद में निर्णायक साबित हुआ. यह मेक्सिको के लिए एक बड़ी जीत है जो 2022 में ग्रुप चरण में जीत हासिल करने में नाकाम रही थी और अब उसने घरेलू मैदान पर उत्साहित दर्शकों के सामने दो बार जीत हासिल की है. मैक्सिको के खिलाड़ियों ने मैदान पर जश्न मनाया.
दो शानदार बचाव करके खतरे को टाल दिया
वहीं, दक्षिण कोरिया की बात करें तो 87वें मिनट में लगभग बराबरी कर ली थी लेकिन मैक्सिको के गोलकीपर राउल रेंगल ने दो शानदार बचाव करके खतरे को टाल दिया था. मेक्सिको के गोलकीपर ने पहले चो ग्वे-सुंग के करीब से किए गए हेडर को रोका और फिर रिबाउंड पर यांग ह्यून-जून के प्रयास को और भी बेहतर तरीके से नाकाम किया. मैक्सिको के कोच जेवियर अगुइरे ने कहा, ‘‘हम बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. भले ही यह मैच आकर्षक नहीं था लेकिन मुझे लगता है कि दक्षिण कोरिया ने हमें खास मौके नहीं दिए.
गलती का फायदा उठाने में सफल
इसके बावजूद हम उनकी गलती का फायदा उठाने में सफल रहे.’’ मैक्सिको ने दो मैचों में छह अंक हासिल करके ग्रुप ए में शीर्ष पर अपनी जगह सुनिश्चित की. वह अब दक्षिण कोरिया से तीन अंक तथा चेक गणराज्य और दक्षिण अफ्रीका से पांच अंक आगे हो गया है. चेक गणराज्य और दक्षिण अफ्रीका ने इससे पहले अटलांटा में अपना मैच 1-1 से ड्रॉ खेला था. इस बार हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ आठ टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी.
2-0 की जीत के साथ शुरुआत
टूर्नामेंट में टीमों की संख्या बढ़ाकर 48 कर दिए जाने के बाद विश्व कप में पहली बार राउंड ऑफ 32 खेला जाएगा. वहीं, इस टूर्नामेंट में मैक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका पर 2-0 की जीत के साथ शुरुआत की थी, जबकि दक्षिण कोरिया ने चेक गणराज्य को 2-1 से हराया था. मैक्सिको बुधवार को मैक्सिको सिटी में चेक गणराज्य के खिलाफ ग्रुप चरण का अपना आखिरी मैच खेलेगा, जबकि दक्षिण कोरिया मॉन्टेरी में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा.
इसे भी पढ़ें. Times Square Firing: गोलियों की गूंज से दहल उठा अमेरिका का टाइम्स स्क्वायर, मचा हड़कंप

