Kyiv Missile Attack: बीते चार साल से अधिक समय से रूस और यूक्रेन के बीच जारी भीषण संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह रूप लेता जा रहा है. इसी कड़ी में यूक्रेन के भीषण ड्रोन हमलों के बाद बुधवार की देर रात रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर मिसाइलों और ड्रोन से बड़ा हमला कर दिया. इस हमले में आठ लोगों की मौत और 39 लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है.
रूस के इस भीषण हमले के बाद पूरी राजधानी आग की लपटों और धमाकों दहल उठी. कई रिहायशी इमारतें तबाह हो गई हैं और उनके मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका है.
पहले ही राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दी थी चेतावनी
‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले से कुछ घंटे पहले ही यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने खुफिया जानकारी के हवाले से देशवासियों को आगाह किया था. उन्होंने कहा था कि रूस राजधानी पर बहुत बड़ा हमला करने की तैयारी में है, इसलिए लोग हवाई हमले के सायरन बजते ही सावधान हो जाएं. इसके बाद बुधवार देर रात जैसे ही सायरन गूंजे, लोग अपनी जान बचाने के लिए अपने पालतू जानवरों और सोने के बैग के साथ मेट्रो स्टेशनों और बंकरों में छिप गए.
-1782962942666.jpg)
हमलों से दहला कीव, 9 मंजिला इमारत ढही
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 2 बजे कीव में एक के बाद एक कई बड़े धमाके हुए. कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि हमले के कारण शहर के बीचों-बीच भीषण आग लग गई. एक 9 मंजिला रिहायशी इमारत पूरी तरह ढह गई है, जहां लोगों के दबे होने की आशंका है और बचाव दल राहत कार्य में जुटा है.
इसके साथ ही एक होटल की छत और कई घरों में आग लग गई. इस हमले में फिलहाल कितने लोग मारे गए हैं, इसकी सटीक जानकारी नहीं मिली है, लेकिन शुरुआती तौर पर 5 मेडिकल कर्मचारियों के घायल होने की खबर है.
इतना ही नहीं, पड़ोसी देश यूक्रेन पर रूस के बड़े हवाई हमलों को देखते हुए पोलैंड की सेना पूरी तरह अलर्ट पर थी. हालांकि, स्थिति को सामान्य होते देख पोलैंड ने अपने लड़ाकू विमानों की सुरक्षा उड़ानों को अब रोक दिया है.
पोलैंड की सशस्त्र सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी आधिकारिक जानकारी दी. सेना ने साफ किया कि रूस के इस ताजा हमले के दौरान पोलैंड की हवाई सीमा में किसी भी तरह की कोई घुसपैठ या उल्लंघन दर्ज नहीं किया गया है, यानी पोलैंड की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं.
-1782962957581.jpg)
यूक्रेन के पलटवार से भड़का रूस
मालूम हो कि यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब यूक्रेन ने भी रूस के अंदरूनी हिस्सों, मॉस्को और क्रीमिया पर ड्रोन से हमले तेज कर दिए हैं. यूक्रेन रूस के ईंधन (फ्यूल) ठिकानों को निशाना बना रहा है. जेलेंस्की ने कहा कि पुतिन युद्ध जारी रखना चाहते हैं. इसलिए हमें उनके सामने ऐसी परिस्थितियां खड़ी करनी होंगी कि उनके लिए युद्ध लड़ना असंभव हो जाए.
अमेरिका को रूस ने दी गंभीर चेतावनी
दूसरी तरफ, रूस की विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने अमेरिका को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है. रूस ने कहा है कि अमेरिका द्वारा यूक्रेन को लगातार दिए जा रहे हथियारों के गंभीर परिणाम हो सकते हैं, जिससे पूरी दुनिया की शांति खतरे में पड़ सकती है. रूस ने जेलेंस्की को ‘आतंकवादी सोच’ वाला नेता करार दिया.

