रोनाल्डो ने हार के साथ विश्व कप को कहा अलविदा, मैदान पर आंसू बहाते नजर आए पुर्तगाल के महान फुटबॉलर

Must Read

Arlington: पुर्तगाल के महान फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने विश्व कप से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. फीफा विश्व कप 2026 के बाद रोनाल्डो ने इसकी घोषणा की, जिससे मौके पर ही खुशी का माहौल गम में बदल गया. स्पेन के खिलाफ राउंड ऑफ-16 में 1-0 की हार के बाद भावुक रोनाल्डो ने कहा कि यह उनके करियर का आखिरी विश्व कप था. मैच समाप्त होने के बाद रोनाल्डो मैदान पर भावुक होकर आंसू बहाते नजर आए.

गले लगाकर सांत्वना दी

इसी दौरान स्पेन के 19 वर्षीय युवा स्टार लामिन यमाल उनके पास पहुंचे और उन्हें गले लगाकर सांत्वना दी. यह भावुक दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. हालांकि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास को लेकर फिलहाल कोई फैसला नहीं लिया है. मैच के बाद मीडिया से बातचीत में 41 वर्षीय रोनाल्डो ने कहा कि स्पेन को जीत में किस्मत का साथ मिला और मुकाबला किसी भी टीम के पक्ष में जा सकता था. उन्होंने कहा कि विश्व कप से इस तरह बाहर होना बेहद दुखद है, लेकिन उन्हें संतोष है कि उन्होंने अपनी ओर से कोई कमी नहीं छोड़ी.

भविष्य को लेकर जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं

रोनाल्डो ने कहा कि अब वह अपने परिवार के साथ समय बिताएंगे और भविष्य को लेकर जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लेंगे. उन्होंने साफ कहा कि वह भावनाओं में बहकर फैसले लेने में विश्वास नहीं रखते. रोनाल्डो ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह पुर्तगाल के लिए उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच था या नहीं? उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि उनके व्यक्तिगत फैसले का असर टीम के प्रदर्शन या भविष्य पर पड़े.

अपने अंतरराष्ट्रीय करियर पर गर्व

रोनाल्डो ने कहा कि उन्हें अपने अंतरराष्ट्रीय करियर पर गर्व है. उन्होंने याद दिलाया कि उनके दौर में पुर्तगाल ने तीन बड़े खिताब जीते, जबकि इससे पहले देश ने कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय खिताब नहीं जीता था. उन्होंने कहा कि 2016 में जीती गई यूरोपीय चैम्पियनशिप उनके लिए विश्व कप जीतने के बराबर उपलब्धि रही है. पुर्तगाल के विश्व कप से बाहर होने के साथ ही मुख्य कोच रोबर्टो मार्टिनेज का कार्यकाल भी समाप्त हो गया.

साथ काम करना शानदार अनुभव रहा

रोनाल्डो ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके साथ काम करना शानदार अनुभव रहा. उन्होंने मार्टिनेज को बेहतरीन कोच और अच्छा इंसान बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. रोनाल्डो ने कहा कि किसी बड़े टूर्नामेंट से बाहर होना हमेशा निराशाजनक होता है, लेकिन टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि फुटबॉल में हार-जीत खेल का हिस्सा है और अब टीम को इस हार से सीख लेकर आगे बढ़ना होगा.

इसे भी पढ़ें. अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट केसः हाई कोर्ट का फैसला, 38 आतंकियों की फांसी की सजा बरकरार

Latest News

21 October 2026 Ka Panchang: बुधवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

21 October 2026 Ka Panchang: 21 अक्टूबर 2026, बुधवार को आश्विन शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि है. दशमी तिथि...

More Articles Like This