Middle East War: मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग अब खतरनाक रूप लेती जा रही है. लगातार 10 रातों से अमेरिका द्वारा ईरान पर भीषण हवाई हमले किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद तेहरान ने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री तेल मार्ग ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) पर अपना दबदबा और नियंत्रण पूरी तरह कायम रखा है.
आज तड़के ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक कमर्शियल तेल टैंकर पर हमला किया, जिससे जहाज में भीषण आग लग गई. हमला इतना भीषण था कि जान बचाने के लिए चालक दल को जलता हुआ जहाज छोड़कर भागना पड़ा. वहीं अमेरिका लगातार ईरान पर हवाई हमले कर रहा है. अमेरिका के लगातार दस रातों तक हुए हवाई हमलों के बावजूद तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण बनाए हुए है.
शांतिकाल के दौरान वैश्विक स्तर पर कारोबार होने वाले कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इसी संकरे जलमार्ग से होकर गुजरता था. अमेरिका और ईरान के बीच फिर से पूर्ण युद्ध का खतरा बढ़ने के बीच ईरान के गृह मंत्री बातचीत के लिए पाकिस्तान पहुंचे. पाकिस्तान इस विवाद में अहम मध्यस्थ माना जाता है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि युद्ध खत्म करने के लिए कोई नया समझौता हो सकेगा या नहीं. दोनों देशों के बीच पिछले महीने हुआ अस्थायी समझौता अब टूट चुका है.

