New Delhi: सितंबर में होने वाले भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया A महिला टीम का ऐलान कर दिया गया है. ऑस्ट्रेलिया के सहायक कोच गेवन ट्वाइनिंग को इस दौरे के लिए मुख्य कोच बनाया गया है. उनके साथ मिक डेलाने और कैमरून बॉयस असिस्टेंट कोच की भूमिका निभाएंगे. T20 टीम की कमान निकोल फाल्टम संभालेंगी, जबकि 50 ओवर के मुकाबलों में ताहलिया विल्सन कप्तानी करेंगी. वहीं चार दिवसीय मैच में रेचल ट्रेनेमन टीम का नेतृत्व करेंगी.
तेज गेंदबाज डार्सी और व्लेमिंक की वापसी
इस दौरे की सबसे बड़ी खासियत तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन और टायला व्लेमिंक की वापसी है. डार्सी ब्राउन केवल सीमित ओवरों के मुकाबलों में खेलेंगी, जबकि टायला व्लेमिंक भी लंबे समय बाद ऑस्ट्रेलिया की जर्सी में नजर आएंगी. दोनों अनुभवी गेंदबाज युवा खिलाड़ियों के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगी. 15 खिलाड़ियों वाली यह टीम भारत में T20, 50 ओवर और चार दिवसीय मुकाबलों की सीरीज खेलेगी, जिसे दोनों देशों की उभरती हुई प्रतिभाओं के लिए अहम मंच माना जा रहा है.
4 अगस्त को टीम की घोषणा
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की नेशनल सिलेक्शन कमेटी ने 4 अगस्त को टीम की घोषणा की. इस दौरे की शुरुआत न्यू चंडीगढ़ में तीन T20 मुकाबलों से होगी. इसके बाद मोहाली में तीन 50 ओवर के मैच खेले जाएंगे, जबकि दौरे का समापन धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में चार दिवसीय मुकाबले के साथ होगा. ऑस्ट्रेलिया ने तीनों फॉर्मेट के लिए अलग-अलग कप्तानों पर भरोसा जताया है.
परिस्थितियों में खेलने का अनुभव
सिलेक्टर्स शॉन फ्लेगलर ने कहा कि भारतीय परिस्थितियों में खेलने का अनुभव युवा खिलाड़ियों के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. उनके अनुसार, उपमहाद्वीप की पिचों पर खेलने से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार होने का मौका मिलेगा. उन्होंने यह भी कहा कि डार्सी ब्राउन और टायला व्लेमिंक जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से टीम के युवा खिलाड़ियों को काफी सीखने का अवसर मिलेगा.
ऑस्ट्रेलिया A महिला टीम के भारत दौरे का शेड्यूल
12 सितंबर: पहला T20, महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़
15 सितंबर: दूसरा T20, न्यू चंडीगढ़
17 सितंबर: तीसरा T20, न्यू चंडीगढ़
20 सितंबर: पहला 50 ओवर मैच, आई.एस. बिंद्रा पंजाब क्रिकेट स्टेडियम, मोहाली
23 सितंबर: दूसरा 50 ओवर मैच, मोहाली
25 सितंबर: तीसरा 50 ओवर मैच, मोहाली
29 सितंबर से 2 अक्टूबर: चार दिवसीय मुकाबला, हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला
भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया A महिला टीम: डार्सी ब्राउन, मेटलान ब्राउन, निकोल फाल्टम, टेस फ्लिंटॉफ, सियाना जिंजर, चार्ली नॉट, अनिका लियरॉयड, केटी मैक, लिली मिल्स, फ्रेंकी निकलिन, हेले सिल्वर-होल्म्स, रेचल ट्रेनेमन, कोर्टनी वेब, ताहलिया विल्सन और टायला व्लेमिंक.
इसे भी पढ़ें. NDA के ‘मंगल मिलन’ कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए संसद पहुंचे PM मोदी और अमित शाह, केजरीवाल करेंगे मार्च

