MEA on Snapchat: सोशल मीडिया के दौर में सरकारी मंत्रालय भी लोगों तक तेजी से पहुंचने के लिए नए-नए डिजिटल प्लेटफॉर्म अपना रहे हैं. इसी कड़ी में भारत का विदेश मंत्रालय (MEA) अब एक और लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पहुंच गया है. मंत्रालय ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर Snapchat पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का ऐलान किया. इसका उद्देश्य खासकर युवा वर्ग तक तेजी से पहुंचना और विदेश नीति, कूटनीतिक गतिविधियों व जरूरी सूचनाओं को अधिक प्रभावी तरीके से साझा करना है.
विदेश मंत्रालय ने Snapchat पर रखा कदम
विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर एक वीडियो क्लिप साझा कर Snapchat पर आने की जानकारी दी. मंत्रालय ने लोगों से अपने आधिकारिक Snapchat अकाउंट से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि यहां उन्हें एक्सक्लूसिव स्टोरीज, ताजा अपडेट, रोचक कंटेंट और कई महत्वपूर्ण जानकारियां देखने को मिलेंगी.
पहले से कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर है सक्रिय
विदेश मंत्रालय लंबे समय से Facebook, WhatsApp, X, LinkedIn, Instagram और YouTube जैसे सोशल मीडिया और मल्टीमीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए देश-विदेश से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करता रहा है. इन प्लेटफॉर्म्स पर मंत्रालय विभिन्न देशों में स्थित भारतीय दूतावासों और उच्चायोगों से जुड़ी जरूरी सूचनाएं भी नियमित रूप से लोगों तक पहुंचाता है.
नई पीढ़ी के बीच लोकप्रिय है Snapchat
Snapchat एक लोकप्रिय मल्टीमीडिया और सोशल मीडिया मैसेजिंग ऐप है, जो खासतौर पर Gen-Z के बीच काफी पसंद किया जाता है. इस प्लेटफॉर्म पर भेजे जाने वाले फोटो और छोटे वीडियो को Snap कहा जाता है. इसकी खास बात यह है कि इन्हें देखने के कुछ सेकंड बाद ये अपने आप गायब हो जाते हैं, जबकि स्टोरी के रूप में साझा किया गया कंटेंट 24 घंटे तक यूजर की प्रोफाइल पर दिखाई देता है.
फर्जी खातों से भी करता रहा है सतर्क
विदेश मंत्रालय पहले से ही सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हुए समय-समय पर लोगों को फर्जी अकाउंट और विदेश नीति से जुड़ी सशुल्क सलाह देने वाले स्कैमर्स से सावधान रहने की चेतावनी जारी करता रहा है. इसके अलावा मंत्रालय अपने कूटनीतिक संवाद, उच्चस्तरीय बैठकों और अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों से जुड़े वीडियो और तस्वीरें भी साझा करता है, ताकि लोगों को भारत की विदेश नीति और वैश्विक कूटनीतिक प्रयासों की जानकारी मिलती रहे.
हाल ही में लॉन्च किया था फैक्ट चेक अकाउंट
जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में विदेश मंत्रालय ने Instagram पर अपना आधिकारिक फैक्ट चेक अकाउंट भी लॉन्च किया था. इसका उद्देश्य सोशल मीडिया पर भारत की विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी फर्जी खबरों, अफवाहों और भ्रामक दावों का तेजी से खंडन करना है.
यह भी पढ़े: मायावती ने अपने भरोसेमंद सहयोगी उमाशंकर सिंह के किए अंतिम दर्शन, दी श्रद्धांजलि

