Bangkok: थाईलैंड में एक बार फिर स्कूल शूटिंग की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को देश की राजधानी बैंकॉक के ठीक उत्तर में स्थित एक प्रांत के स्कूल में एक छात्र ने स्कूल में अंधाधुंध फायरिंग की. आठवीं के छात्र ने पहले टीचर को गोली मारी, फिर खुद को भी शूट कर लिया. फायरिंग की इस घटना में 15 छात्र घायल हो गए. इस फायरिंग में एक शिक्षक और शूटर छात्र की मौत हो गई है.
जाने-माने स्कूल में गोलीबारी
स्थानीय प्रसारक थाई पीबीएस ने बताया कि नोंथाबुरी प्रांत के बांग क्रुआई जिले के एक जाने-माने हाई स्कूल में गोलीबारी हुई है. शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि 10-15 छात्र घायल हुए हैं. घटना के तुरंत बाद आपातकालीन सेवाओं और पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया. छात्र की पहचान और हमले के पीछे की वजहों को लेकर विस्तृत जानकारी अभी साझा नहीं की गई है. प्लाई बैंग उपजिले के पुलिस प्रमुख लेफ्टिनेंट कर्नल पासाकोर्न चैताविवोंग ने मीडिया को बताया कि क्षेत्र में राहत कार्य जारी है और हताहतों की कुल संख्या की पुष्टि की जा रही है.
तस्वीरों में स्थिति की गंभीरता
घटनास्थल से आ रही तस्वीरों में स्थिति की गंभीरता को देखा जा सकता है. एम्बुलेंस और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूल परिसर से डरे-सहमे छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला. एम्बुलेंस के पास स्ट्रेचर पर घायलों का इलाज किया जा रहा है और गंभीर रूप से प्रभावित लोगों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है. थाईलैंड के शिक्षण संस्थानों में गोलीबारी का यह कोई पहला मामला नहीं है.
एक स्कूल में हुई अंधाधुंध गोलीबारी
इससे पहले दक्षिणी थाईलैंड के हाट याई जिले के एक स्कूल में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में एक शिक्षक की जान चली गई थी, जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था. इस ताजा घटना के बाद देश में गन कंट्रोल और स्कूलों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है.
इसे भी पढ़ें. प्रिंटिंग प्रेस से नहीं, बल्कि NTA के एक्सपर्ट्स ने ही लीक कराया NEET-UG का पेपर, CBI जांच में बड़ा खुलासा

