Belgium forest fire: बेल्जियम में लगी भीषण आग से चारो ओर हाहाकार मचा हुआ है. आग के चलते करीब 2,000 हेक्टेयर जमीन जलकर राख हो गई है. अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम तक बेल्जियम के पूर्वी इलाके ‘हाई फेन्स’ में लगी देश की अब तक की सबसे भीषण आग की वजह से लगभग 2,000 हेक्टेयर वनस्पति जलाकर राख हो गई है. वहीं, वालून पब्लिक सर्विस की तरफ से पुष्टि की गई है कि जंगल की आग से जलने वाले सबसे बड़े इलाके का राष्ट्रीय रिकॉर्ड इस आग ने बनाया है.
बेल्जियम के जंगल में लगी आग से मचा हाहाकार, 3 देशों से पहुंची फायर ब्रिगेड, 2000 हेक्टेयर वनस्पति जलकर राख
Belgium forest fire
Must Read
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे आग लगने के बाद लगभग 30 घंटे तक आग बुझाने का काम जारी रहा. आस-पास के इलाकों से करीब 600 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है. एहतियात के तौर पर वाइम्स नगरपालिका के सौरब्रॉड्ट इलाके के करीब 500 लोगों और बुटजेनबैक के करीब 100 लोगों को वहां से हटाया गया.
वहीं, सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के आदेश सौरब्रॉड्ट की 15 सड़कों और बुटजेनबैक की 7 सड़कों के लिए लागू किए गए थे. इसके अलावा, ईयू सिविल प्रोटेक्शन मैकेनिज्म के तहत अंतरराष्ट्रीय मदद जुटाई जा रही थी. साथ ही आग पर काबू पाने के लिए डच सेना के दो हेलीकॉप्टर, चेक गणराज्य का एक फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर और स्वीडन के दो फायरफाइटिंग विमान तैनात किए गए.
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हवाओं के कारण आग बुझाने में परेशानी हो रही थी और आग के बढ़ने का भी खतरा बढ़ गया था. इससे पहले बेल्जियम ने आग बुझाने में अतिरिक्त मदद के लिए यूरोपीय संघ के सिविल प्रोटेक्शन मैकेनिज्म को सक्रिय करने का अनुरोध किया था. ऐसे में शनिवार को ईयू के बेड़े से एक हेलीकॉप्टर और दो फायरफाइटिंग विमान बेल्जियम के लिए रवाना हुए थे.
बता दें कि शनिवार दोपहर तक आग बेकाबू बनी हुई थी. बेल्जियम के अधिकारियों ने 3 हेलीकॉप्टर तैनात किए, जबकि सेना ने जमीन पर चल रहे ऑपरेशन को मजबूत करने के लिए तीन पैंथर फायरफाइटिंग वाहन भी भेजे थे. इसके अलावा हाई फेन्स के दक्षिण में स्थित वाइम्स नगरपालिका के अधिकारियों ने सौरब्रॉड्ट के निवासियों से संभावित निकासी के लिए तैयार रहने को कहा, साथ ही यह भी बताया कि उन्हें फिलहाल अपने घर छोड़ने की जरूरत नहीं है. स्थानीय मीडिया के अनुसार, वाइम्स और जलहे के मेयरों ने इस आग को बेल्जियम के इतिहास की सबसे भयानक आग बताया.

