Gold Mine Collapse: दक्षिणी सूडान में मंगलवार को एक सोने की खदान ढह गई, जिससे 67 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों अभी भी लापता हैं. वहीं इस हादसे में जीवित बचे दो खनिकों ने बताया है कि अल-जारा खदान में 100 से अधिक लोग काम कर रहे थे, तभी अचानक खदान धंस गई और लोग उसकी चपेट में आ गए.
बता दें कि यह खदान पश्चिमी कोरडोफान के अल-नाहुद शहर के पास स्थित है. सुबह तक इस खदान ने 67 लोगों के शवों को बरामद किया गया था, जबकि बाकियों की तलाश अब भी जारी है.
देर से पहुंची सरकारी मदद
रिपोर्ट के मुताबिक, अल-जारा खदान में शाफ्ट ढह गए थे, वहीं रात का समय होने के कारण सरकारी सहायता देर से पहुंची, जिसके चलते मौके पर मौजूद खनिकों ने अपने साथियों को बचाने के लिए साधारण औजारों का इस्तेमाल कर खुदाई की. इस दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में साथियों को बचाया भी, लेकिन खुदाई वाले औजारों से गहराई में फंसे साथियों को निकालना चुनौती बन गया. वहीं, सुबह पहुंची सहायता एजेंसियों ने भारी मशीनों की सहायता से दुर्घटनास्थल की खुदाई की और अब तक 67 शवों को बाहर निकाल लिया है.
भारी मशीनों की जरूरत
जीवित बचे लोगों में से एक, खैर अल-सैय्यद जबारा ने बताया कि “हमें नहीं पता कि अभी भी कितने लोग अंदर फंसे हुए हैं. ऐसे में सभी लोग शवों या जीवित बचे लोगों को निकालने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन यह मुश्किल है. चट्टानों और मिट्टी को हटाने के लिए हमें भारी मशीनों की जरूरत है.”

