Accident in the USः कैलिफोर्निया के योसेमाइट नेशनल पार्क में ‘डोम फायर’ (जंगल की आग) को बुझाने के काम में मदद कर रहा एक कॉन्ट्रैक्ट हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया. इस घटना में दो पायलटों की मौत हो गई. यह जानकारी अलास्का डिवीजन ऑफ फॉरेस्ट्री एंड फायर प्रोटेक्शन ने दी. रिपोर्ट के मुताबिक, एजेंसी ने बताया कि यह हादसा रविवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 2:55 बजे (2155 GMT) मारिपोसा काउंटी में हुआ और हेलीकॉप्टर में दो लोग सवार थे.
इस हादसे की जांच फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड कर रहे हैं. कैलिफोर्निया कॉम्प्लेक्स इंसिडेंट मैनेजमेंट टीम तीन के प्रवक्ता, जो डोम फायर से निपटने के काम की देखरेख कर रहे हैं, के मुताबिक, हेलीकॉप्टर पानी की बाल्टी से आग बुझाने का काम कर रहा था और आग पर पानी डाल रहा था, तभी वह योसेमाइट में लेक ऑस्ट्रैंडर के दक्षिण-पूर्व में क्रैश हो गया.
अलास्का डिवीजन ऑफ फॉरेस्ट्री एंड फायर प्रोटेक्शन ने मारे गए पायलटों में से एक की पहचान ग्रेग किंग के तौर पर की और उन्हें “समर्पित एविएटर और हममें से कई लोगों का करीबी दोस्त” बताया. एजेंसी ने कहा कि दूसरे पायलट की पहचान उनके परिवार को सूचना दिए जाने तक गुप्त रखी जा रही है. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड इस हादसे की जांच कर रहे हैं. नेशनल पार्क सर्विस ने सोमवार को बताया कि डोम फायर पर 15 प्रतिशत तक काबू पा लिया गया है.

