Oil Tanker Explosion: ईरान के होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकरों में जोरदार धमाके होने का दावा किया गया है. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना के अनुसार, दोनों जहाज प्रतिबंधित समुद्री रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान वे कथित तौर पर नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकरा गए. इनमें एक सुपरटैंकर भी शामिल था.
ईरान के सरकारी चैनल प्रेस टीवी ने आईआरजीसी नौसेना के जनसंपर्क कार्यालय के बयान के हवाले से बताया कि एक टैंकर में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई. ईरानी नौसेना का आरोप है कि दोनों जहाजों ने अपने नेविगेशन और पहचान सिस्टम बंद कर दिए थे. इसके अलावा प्रतिबंधित रास्ते पर नहीं जाने की कई चेतावनियों को भी नजरअंदाज किया.
इस बीच, ब्रिटेन की समुद्री व्यापार संचालन एजेंसी (UKMTO) ने भी होर्मुज जलडमरूमध्य में एक व्यापारिक जहाज पर हमले की सूचना दी. 1 नवंबर को जारी चेतावनी में एजेंसी ने बताया कि उसे अंतरराष्ट्रीय समयानुसार करीब 15:09 बजे इस घटना की जानकारी मिली थी. UKMTO के मुताबिक, एक व्यापारिक जहाज के कप्तान ने रेडियो के जरिए आपातकालीन संदेश भेजा. उन्होंने बताया कि एक अन्य जहाज पर किसी अज्ञात चीज से हमला किया गया है. एजेंसी ने इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी है.

