CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन के लोगों के साथ दिवाली मनाएंगे. पूर्वांह्न 11 बजे मुख्यमंत्री वनटांगिया गांव जाएंगे और इस मौके पर 82.41 करोड़ रुपये के 52 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे. इसमें रजही चौराहे से जंगल तिकोनिया नंबर तीन होते हुए पिपराइच मार्ग तक इंटरलॉकिंग सड़क का शिलान्यास शामिल है. सोमवार की शाम गोरखनाथ मंदिर के भीम सरोवर पर आयोजित कार्यक्रम ‘एक दीया शहीदों के नाम’ में सीएम शामिल होंगे.
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा है. अधिकारियों ने जंगल तिकोनिया नंबर तीन गांव का दौरा किया। गांव के लोग भी मुख्यमंत्री की अगवानी के लिए अपने-अपने घर-द्वार को साफ सुथरा बनाने, रंग रोगन करने और सजाने-संवारने में लगे हैं. सीएम योगी गांव में घूमकर लोगों से मिलेंगे और एक सभा को भी संबोधित करेंगे. गांव तक इंटरलॉकिंग सड़क बन जाने से वनटांगिया समुदाय का आवागमन और भी सुगम हो जाएगा. इसके निर्माण पर लागत 3 करोड़ 65 लाख 11 हजार रुपये खर्च होंगे.
सीएम योगी दिवाली पर देंगे विकास कार्यों का उपहार
वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में पारंपरिक रूप से दिवाली मनाने के साथ ही सीएम योगी विकास कार्यों का भी उपहार देंगे. वह कुल 82.41 करोड़ रुपये की लागत वाली 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे. वे 77 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये के 26 कार्यों का शिलान्यास तथा चार करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये के 26 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे.

