Coconut Breaking Ritual: हिंदू धर्म में, पूजा हो, मंदिर जाना हो या किसी नए काम की शुरुआत करनी हो, हर मौके पर पुजा-पाठ के दौरान नारियल चढ़ाने और उसे फोड़ने की बहुत पुरानी परंपरा है. नारियल (जिसे संस्कृत में ‘श्रीफल’ कहा जाता है) को बेहद शुभ माना जाता है. धार्मिक नजरिए से, नारियल समर्पण, पवित्रता और शुभ शुरुआत का प्रतीक माना जाता है.
नारियल को खास क्यों माना जाता है?
आपने देखा होगा की नारियल का बाहरी आवरण काफी सख्त होता है, जबकि अंदर सफेद गूदा और पानी होता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसका सख्त बाहरी हिस्सा अहंकार या बाहरी व्यक्तित्व का प्रतीक है, जबकि अंदर का सफेद हिस्सा मन की पवित्रता से जुड़ा है.
वहीं, दार्शनिक दृष्टि से, नारियल फोड़ने का अर्थ है खुद को ईश्वर को समर्पित करना. इसी कारण से, बहुत से लोग पूजा के दौरान नारियल फोड़ते हैं, जिससे वो ईश्वर के प्रति अपनी भक्ति और नकारात्मक विचारों व व्यवहारों से मन को शुद्ध करने का अपना संकल्प व्यक्त कर सकें.
‘श्रीफल’ का क्या अर्थ है?
हिंदू धार्मिक संस्कृति में, नारियल को ‘श्रीफल’ के नाम से भी जाना जाता है, इसमें ‘श्री’ शब्द शुभता, समृद्धि और देवी लक्ष्मी से जुड़ा है, जबकि ‘फल’ का अर्थ साधारण फल होता है. इसलिए, पूजा के दौरान नारियल चढ़ाना शुभ परिणामों और कल्याण के लिए की गई प्रार्थना का प्रतीक है.
पौराणिक कथाओं से इसका संबंध
हिंदू परंपरा में नारियल को लेकर कई लोक कथाएं और धार्मिक मान्यताएं हैं कुछ मान्यताएं इसे देवताओं को अर्पित किया जाने वाला पवित्र फल बताती हैं. हालांकि, नारियल फोड़ने की परंपरा की उत्पत्ति के बारे में कोई एक सर्वमान्य पौराणिक कथा नहीं है, अलग-अलग कथाओं में इसकी अलग-अलग व्याख्याएं मिलती हैं.
पूजा के दौरान नारियल चढ़ाने का उद्देश्य
बता दें कि पूजा के दौरान नारियल चढ़ाना ईश्वर के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक तरीका माना जाता है. कई धार्मिक अनुष्ठानों में, नारियल को कलश के ऊपर भी रखा जाता है, जो पूर्णता और शुभता का प्रतीक है.

