Dubai Airport Drone Incident: दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को एक ड्रोन से जुड़ी घटना के बाद सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट के पास एक ड्रोन के ईंधन टैंक से टकराने के बाद आग लग गई, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर उड़ानों को रोक दिया गया. दुबई एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीएक्सबी (Dubai International Airport) पर उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है.
यात्रियों को एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह
दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी उड़ानों की ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें. दुबई मीडिया कार्यालय ने भी कहा है कि जैसे ही नई जानकारी उपलब्ध होगी, उसे आधिकारिक चैनलों के माध्यम से साझा किया जाएगा.
आग लगने के बाद तुरंत पहुंची आपातकालीन टीम
एयरपोर्ट के पास ड्रोन के ईंधन टैंक से टकराने के बाद आग लगने की घटना सामने आई. इसके बाद दुबई सिविल डिफेंस की टीमों को तुरंत मौके पर तैनात किया गया और आग पर काबू पा लिया गया. अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा उपायों को सक्रिय कर दिया गया है और फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है.
कोच्चि से दुबई जा रही फ्लाइट लौटाई गई
इस घटना का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा. कोच्चि से दुबई जा रही एमिरेट्स की एक फ्लाइट को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा. सीआईएएल (कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड) के प्रवक्ता के मुताबिक फ्लाइट EK533 सुबह 4:30 बजे 325 यात्रियों को लेकर कोच्चि से रवाना हुई थी, लेकिन दुबई एयरपोर्ट के अचानक बंद होने के कारण विमान को वापस लौटने का निर्देश दिया गया.
संयुक्त अरब अमीरात में तनाव का माहौल
इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने संघर्ष शुरू होने के बाद से छह लोगों की मौत की पुष्टि की है. इनमें चार नागरिक और दो सैन्यकर्मी शामिल हैं. मंत्रालय के अनुसार सैनिकों की मौत तकनीकी खराबी के कारण हुए एक हेलीकॉप्टर हादसे में हुई.
यह भी पढ़े: Iran-US Tension: अमेरिका-ईरान तनाव से तेल बाजार में हलचल, ब्रेंट क्रूड 104 डॉलर के पार