Gold Silver Price Today: फेस्टिव सीजन शुरू होते ही सोने और चांदी की खरीदारी बढ़ जाती है. दशहरा हो, दिवाली हो या फिर घर में शादी का मौका, ज्वेलरी की खरीदारी लगभग हर परिवार के बजट का हिस्सा बन जाती है. ऐसे में अगर लगातार दूसरे दिन सोने और चांदी के दाम नीचे आएं तो खरीदारों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है. मंगलवार को सोने की कीमत में 4,133 रुपये और चांदी में 9,297 रुपये की भारी गिरावट देखने को मिली थी.
अब 30 सितंबर को भी कीमती धातुओं की कीमतों में नरमी जारी है. सोना आज फिर 1,400 रुपये तक सस्ता हुआ है, जबकि चांदी 2.32 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर नजर आ रही है. ऐसे में अगर आप भी आने वाले दिनों में सोना या चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले आज के ताजा रेट जरूर जान लें.
कितना सस्ता हुआ सोना?
30 सितंबर, बुधवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर सोने की कीमत में करीब 1,400 रुपये की गिरावट दर्ज की गई. इस गिरावट के बाद सोने का भाव 1,48,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है. लगातार गिरावट के कारण सोने की कीमत अब 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से नीचे आ गई है. फेस्टिव सीजन में ज्वेलरी खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों के लिए कीमतों में आई यह नरमी अहम मानी जा रही है.
चांदी का क्या है भाव?
सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी हाल के कारोबारी सत्रों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. MCX पर बुधवार को चांदी 2.32 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर नजर आ रही है. इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में चांदी के भाव में करीब 5,000 रुपये की गिरावट आई थी. वहीं, शुक्रवार को चांदी की कीमत 2.37 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी. यानी हाल के कारोबारी सत्रों में चांदी की कीमत में भी अच्छी-खासी नरमी देखने को मिली है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्या चल रहा है?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले कारोबारी सत्र के दौरान करीब 4 फीसदी की गिरावट के बाद हाजिर सोने की कीमत में मामूली सुधार देखने को मिला. सोने का भाव 30.34 डॉलर यानी करीब 1 फीसदी बढ़कर 4,145.26 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं, चांदी की कीमत में भी सुधार देखा गया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी करीब 60.69 डॉलर प्रति औंस पर लगभग स्थिर रही. इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में चांदी के भाव में करीब 6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी.
दो महीने में पहली बार 1.50 लाख रुपये से नीचे आया सोना
राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत करीब दो महीने में पहली बार 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से नीचे आई है. स्थानीय मांग में कमजोरी और अमेरिकी डॉलर में मजबूती को सोने की कीमतों में आई इस गिरावट की प्रमुख वजहों में शामिल बताया जा रहा है. सोमवार को राजधानी में सोने का भाव करीब 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था. इससे पहले 31 जुलाई को भी सोने की कीमत इसी स्तर के आसपास रही थी. उस समय सोने का भाव 1,48,300 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया था.

