IBM-Sarvam Partnership: भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को सुरक्षित, भरोसेमंद और देश की जरूरतों के अनुरूप बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. अमेरिकी टेक कंपनी IBM और भारतीय AI स्टार्टअप सर्वम (Sarvam) ने भारत में सॉवरेन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Sovereign AI) तकनीकों के विकास और अपनाने में तेजी लाने के लिए रणनीतिक साझेदारी का ऐलान किया है. यह साझेदारी खासतौर पर सरकारी एजेंसियों, सार्वजनिक क्षेत्र के संगठनों और विनियमित (Regulated) उद्यमों के लिए AI समाधान विकसित करने पर केंद्रित होगी.
सरकारी सेवाओं के लिए तैयार होंगे AI समाधान
इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां नागरिक सेवाओं, शिकायत निवारण, दस्तावेज प्रसंस्करण (Document Processing) और प्रशासनिक वर्कफ्लो जैसे उपयोग मामलों के लिए सॉवरेन AI तकनीकों को संयुक्त रूप से पेश करेंगी. साथ ही विभिन्न सरकारी और सार्वजनिक संस्थानों के साथ पायलट प्रोजेक्ट भी चलाए जाएंगे. इस पहल का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को अधिक तेज, सुरक्षित और नागरिकों के लिए आसान बनाना है.
IBM और सर्वम की तकनीक का होगा मेल
यह सहयोग IBM के IBM Sovereign Core प्लेटफॉर्म को सर्वम के India-First Sovereign AI Stack के साथ जोड़ेगा. सर्वम के AI स्टैक में भारत में विकसित और प्रशिक्षित रीजनिंग मॉडल, बहुभाषी भाषा मॉडल और वॉयस AI तकनीक शामिल हैं. इन तकनीकों को भारतीय भाषाओं और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.
डेटा सुरक्षा और गवर्नेंस पर रहेगा पूरा फोकस
दोनों कंपनियों का संयुक्त समाधान संगठनों को डेटा, गवर्नेंस, सुरक्षा और अनुपालन (Compliance) पर अधिक नियंत्रण बनाए रखते हुए भारत की नियामकीय और परिचालन आवश्यकताओं के अनुरूप AI लागू करने में मदद करेगा. इसके अलावा, इनोवेशन पायलट, सॉल्यूशन एक्सेलरेटर, तकनीकी सलाहकार सेवाओं और ज्ञान-साझाकरण कार्यक्रमों के जरिए सॉवरेन AI को तेजी से अपनाने पर भी जोर दिया जाएगा.
लखनऊ में बनेगा डेमो और इनक्यूबेशन हब
लखनऊ स्थित IBM GovTech AI Innovation Center इस साझेदारी के तहत संयुक्त इनक्यूबेशन और डेमोंस्ट्रेशन हब के रूप में काम करेगा. यहां सरकारी विभाग, सार्वजनिक क्षेत्र के संगठन और अन्य संस्थान बड़े पैमाने पर AI लागू करने से पहले तकनीकी, परिचालन और गवर्नेंस संबंधी आवश्यकताओं का परीक्षण और मूल्यांकन कर सकेंगे.
IBM ने क्या कहा?
IBM Software India और Software Innovation Lab के जनरल मैनेजर श्रीराम राघवन ने कहा, “सॉवरेन एआई केवल इस बात तक सीमित नहीं है कि एआई कहां संचालित होता है. इसका उद्देश्य संगठनों को यह नियंत्रण देना है कि एआई का संचालन, प्रबंधन और तैनाती कैसे की जाए.” उन्होंने कहा कि IBM Sovereign Core एक एंटरप्राइज-ग्रेड प्लेटफॉर्म है, जिसे सरकारों और विनियमित उद्यमों को गवर्नेंस, सुरक्षा और अनुपालन आवश्यकताओं को पूरा करते हुए बड़े पैमाने पर AI लागू करने में सहायता के लिए तैयार किया गया है.
सर्वम के सह-संस्थापक ने क्या कहा?
सर्वम के सह-संस्थापक प्रत्युष कुमार ने कहा, “सॉवरेन एआई को उन प्रणालियों के भीतर काम करना चाहिए, जिन पर सरकारें और उद्यम पहले से निर्भर हैं, साथ ही बड़े पैमाने पर संचालन का भी समर्थन करना चाहिए.” उन्होंने कहा, “हमारा एआई स्टैक इन प्रणालियों के ऊपर मॉडल, वॉयस और भाषा तकनीक उपलब्ध कराता है, ताकि कोई भी नागरिक अपनी मातृभाषा में फोन कॉल के जरिए सरकारी लाभ प्राप्त कर सके या अपनी शिकायत का समाधान कर सके.”
भारत के AI इकोसिस्टम को मिलेगा बढ़ावा
IBM और सर्वम की यह साझेदारी भारत में सॉवरेन AI इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है. इससे सरकारी संस्थानों और विनियमित क्षेत्रों को सुरक्षित, भारत-केंद्रित और बहुभाषी AI समाधान अपनाने में मदद मिलेगी, जबकि नागरिकों को भी अधिक प्रभावी और सरल डिजिटल सेवाएं मिल सकेंगी.
यह भी पढ़े: एप्पल पर एक्सपर्ट्स का बड़ा भरोसा, बढ़ती लागत के बावजूद स्मार्टफोन बाजार में रह सकता है नंबर-1