LPG Gas Cylinder Price Today: मिडिल ईस्ट में लगातार बढ़ रहे तनाव का असर अब वैश्विक ऊर्जा बाजार में साफ दिखाई देने लगा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और सप्लाई को लेकर बढ़ती चिंता के बीच आम लोगों की नजर अब पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों पर टिक गई है.
हाल ही में पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी के बाद लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या घरेलू LPG गैस सिलेंडर भी महंगा होने वाला है. देशभर के करोड़ों परिवारों के लिए गैस सिलेंडर रोजमर्रा की जरूरत का अहम हिस्सा है और इसकी कीमत में छोटा सा बदलाव भी सीधे घरेलू बजट पर असर डालता है.
ऐसे में हर महीने लोग नए रेट का इंतजार करते हैं. इसी बीच आज के LPG सिलेंडर के ताजा रेट सामने आ गए हैं, जिससे लोगों को फिलहाल थोड़ी राहत जरूर मिली है.
क्या आज बदले LPG सिलेंडर के दाम?
20 मई यानी आज घरेलू LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. तेल कंपनियों की ओर से जारी ताजा रेट के अनुसार 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतें पहले जैसी ही बनी हुई हैं. इसका मतलब यह है कि फिलहाल आम लोगों को राहत मिली हुई है और रसोई का खर्च बढ़ने का तत्काल कोई असर देखने को नहीं मिलेगा.
दिल्ली में क्या है घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर का रेट?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 913 रुपये बनी हुई है. वहीं 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 3,071.50 रुपये तक पहुंच गई है. घरेलू सिलेंडर की कीमतों में राहत जरूर है, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें कारोबारियों की चिंता बढ़ा रही हैं.
इन शहरों में कितनी है गैस सिलेंडर की कीमत?
देहरादून में घरेलू गैस सिलेंडर 932 रुपये में उपलब्ध है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 3,129 रुपये में मिल रहा है. अंडमान में घरेलू सिलेंडर की कीमत 989 रुपये है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 3,490 रुपये तक पहुंच चुका है. इंदौर में घरेलू सिलेंडर की कीमत 941 रुपये दर्ज की गई है. रायपुर में घरेलू सिलेंडर 984.50 रुपये में उपलब्ध है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 3,294.50 रुपये में बिक रहा है.
पटना में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 1,002.50 रुपये तक पहुंच गई है, जो देश के महंगे शहरों में शामिल है. जयपुर में घरेलू LPG सिलेंडर 916.50 रुपये में मिल रहा है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,099 रुपये है. बेंगलुरु में घरेलू सिलेंडर 915.50 रुपये और हैदराबाद में इसकी कीमत 965 रुपये बनी हुई है. वहीं उत्तर प्रदेश के कई शहरों में घरेलू गैस सिलेंडर 900 से 950 रुपये के बीच उपलब्ध है.
कमर्शियल सिलेंडर ने बढ़ाई होटल और व्यापारियों की परेशानी
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम भले ही स्थिर बने हुए हों, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर की बढ़ती कीमतें होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों के लिए चिंता का कारण बन रही हैं. कई शहरों में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,000 रुपये के पार पहुंच चुकी है. इससे व्यापारिक गतिविधियों की लागत बढ़ सकती है और इसका असर आम ग्राहकों पर भी देखने को मिल सकता है.
क्या आने वाले दिनों में बढ़ सकते हैं LPG के दाम?
फिलहाल घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन आने वाले समय में कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. इसकी सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की बढ़ती कीमतें हैं. मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और सप्लाई चेन पर पड़ रहे प्रभाव के कारण ऊर्जा बाजार में अस्थिरता बनी हुई है.
हर महीने होती है कीमतों की समीक्षा
भारत की सरकारी तेल कंपनियां इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम हर महीने की पहली तारीख को LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं. ऐसे में अगले महीने अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति और कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर गैस सिलेंडर के नए रेट तय किए जा सकते हैं.
यह भी पढ़े: Weather In Up: बाप रे बाप! आसमान से बरस रही आग, चिलचिलाती धूप में पारा 48 डिग्री के पार