Mahindra Sales February 2026: महिंद्रा की बिक्री फरवरी में 18% बढ़ी, रेनॉल्ट इंडिया ने बेची 3,400 से अधिक गाड़ियां

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड ने फरवरी 2026 के लिए मजबूत बिक्री आंकड़े जारी किए हैं. कंपनी की कुल वाहन बिक्री (निर्यात सहित) सालाना आधार पर 18% बढ़कर 97,177 यूनिट्स तक पहुंच गई. कंपनी के अनुसार, इस वृद्धि में यूटिलिटी व्हीकल यानी एसयूवी सेगमेंट का सबसे बड़ा योगदान रहा है. फरवरी महीने में घरेलू बाजार में ही महिंद्रा ने 60,018 एसयूवी बेचीं, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में करीब 19 प्रतिशत अधिक है.

एसयूवी और कमर्शियल सेगमेंट का प्रदर्शन

निर्यात सहित महिंद्रा की कुल एसयूवी बिक्री 60,685 यूनिट्स रही है. कंपनी के कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है और इस दौरान कंपनी ने 24,585 यूनिट्स कमर्शियल वाहनों की बिक्री की है. फरवरी के प्रदर्शन पर महिंद्रा के ऑटोमोटिव डिवीजन के सीईओ नलिनीकांत गोल्लागुंटा ने कहा कि फरवरी में एसयूवी की 60,018 यूनिट्स की बिक्री हुई, जो सभी श्रेणियों में ग्राहकों की मजबूत मांग को दर्शाती है.

कुल बिक्री में 18% की वार्षिक वृद्धि

उन्होंने आगे कहा कि कंपनी की कुल वाहन बिक्री 97,177 यूनिट्स रही, जो 18 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज करती है. दूसरी तरफ, फ्रांस की कंपनी रेनॉल्ट ने भी भारत में मजबूत बिक्री दर्ज की है. फरवरी में कंपनी की थोक बिक्री 3,495 यूनिट्स रही है. इसमें सालाना आधार पर 31% की वृद्धि दर्ज की गई है, जो कि पिछले साल फरवरी में 2,676 यूनिट्स थी. कंपनी ने कहा कि उसके नए काइगर और ट्राइबर मॉडलों की मजबूत मांग ने वृद्धि को लगातार समर्थन दिया है.

ट्राइबर एमयूवी की जबरदस्त ग्रोथ

फरवरी में नई ट्राइबर एमयूवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साल-दर-साल आधार पर 57 प्रतिशत की मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की. रेनॉल्ट इंडिया के मुताबिक, कंपनी के अपडेटेड प्रोडक्ट पोर्टफोलियो ने ब्रांड की छवि को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई है, जिससे 2025 की तीसरी तिमाही से ही लगातार ग्रोथ का सिलसिला बना हुआ है. इस दौरान कंपनी ने 2025 की तीसरी तिमाही में 9%, चौथी तिमाही में 27% और 2026 के पहले दो महीनों में 32% की वृद्धि हासिल की.

डस्टर की वापसी से बढ़ी ग्राहकों की दिलचस्पी

कंपनी ने यह भी बताया कि भारत में डस्टर की वापसी की घोषणा के बाद ग्राहकों की दिलचस्पी काफी बढ़ी है. इसका असर डीलरशिप पर भी साफ दिख रहा है, जहां ग्राहकों की आवाजाही पहले के मुकाबले ज्यादा हो गई है.

More Articles Like This

Exit mobile version