MCX Coal Exchange: देश के कमोडिटी बाजार में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) को प्रस्तावित कोयला एक्सचेंज में निवेश के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से मंजूरी मिल गई है. इस कदम को एनर्जी मार्केट में MCX की पकड़ मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है.
MCX ने कहा है कि वह कोल एक्सचेंज के ड्राफ्ट नियमों के अनुसार न्यूनतम नेट वर्थ की शर्तों को पूरा करने के लिए 100 करोड़ रुपए तक का निवेश करेगा. यह निवेश भविष्य में कोयला व्यापार के लिए एक संगठित और पारदर्शी प्लेटफॉर्म तैयार करने में मदद करेगा.
एनर्जी पोर्टफोलियो को मिलेगा बड़ा सहारा
एमसीएक्स पहले से ही ऊर्जा से जुड़े डेरिवेटिव्स मार्केट में मजबूत स्थिति रखता है. क्रूड ऑयल और नेचुरल गैस जैसे सेगमेंट में एक्सचेंज की अच्छी हिस्सेदारी है. इसके अलावा, पिछले साल एमसीएक्स ने इलेक्ट्रिसिटी फ्यूचर्स को लॉन्च किया था, जिससे उसके एनर्जी पोर्टफोलियो का विस्तार हुआ. अब कोयला एक्सचेंज में एंट्री से यह दायरा और बढ़ने वाला है, जिससे एक्सचेंज की बाजार में स्थिति और मजबूत होगी.
कैसा होगा प्रस्तावित कोयला एक्सचेंज
एमसीएक्स के अनुसार, प्रस्तावित कोयला एक्सचेंज का मकसद एक ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार करना है, जहां कोयले का व्यापार पारदर्शी, विनियमित और टेक्नोलॉजी आधारित तरीके से हो सके. इस प्लेटफॉर्म के जरिए बाजार आधारित कीमतों पर कोयले की खरीद-फरोख्त और फिजिकल डिलीवरी संभव होगी. इससे घरेलू बाजार में कीमत तय करने की प्रक्रिया ज्यादा कुशल और पारदर्शी बन सकेगी.
नई सहायक कंपनी बनाने की योजना
सेबी से मंजूरी मिलने के बाद एमसीएक्स अब एक नई पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बनाने की तैयारी कर रहा है. इस कंपनी का नाम एमसीएक्स कोल एक्सचेंज लिमिटेड या एमसीएक्स कोल एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड रखा जा सकता है. शुरुआती चरण में इस इकाई में एमसीएक्स की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी. हालांकि आगे चलकर इसमें रणनीतिक साझेदारों को शामिल करने की संभावना भी जताई गई है.
आगे की प्रक्रिया क्या होगी
MCX ने बताया कि नई कंपनी आवश्यक मंजूरियों के लिए भारतीय कोयला नियंत्रक संगठन के पास आवेदन करेगी. इसके बाद सभी नियामकीय शर्तों को पूरा कर प्लेटफॉर्म को शुरू किया जाएगा.यह कदम देश में कोयला व्यापार को एक नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है, जहां कीमतों में पारदर्शिता और सप्लाई चेन में सुधार देखने को मिल सकता है.
शेयर पर दिखा असर
इस घोषणा का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला. खबर आने के बाद एमसीएक्स का शेयर करीब 0.90 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,881 रुपए पर कारोबार करता नजर आया. अगर पिछले प्रदर्शन की बात करें तो कंपनी का शेयर निवेशकों के लिए शानदार रहा है. बीते एक महीने में इसमें करीब 19 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है. वहीं छह महीने में यह 56 प्रतिशत और एक साल में 140 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न दे चुका है.
यह भी पढ़े: 39,000 से ज्यादा उपभोक्ताओं ने LPG छोड़ PNG अपनाई, 4.85 लाख नए कनेक्शन जुड़े