Noida International Airport Network: देश के सबसे नए और आधुनिक हवाई अड्डों में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लगातार अपने नेटवर्क का विस्तार कर रहा है. यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी देने की दिशा में एयरलाइंस भी तेजी से अपने ऑपरेशन बढ़ा रही हैं. हाल ही में इंडिगो ने एक ही दिन में रिकॉ र्ड 31 नई उड़ानें शुरू करते हुए नोएडा एयरपोर्ट को कई नए शहरों से जोड़ दिया है.
वहीं, अकासा एयर ने भी मुंबई के लिए अपनी नई फ्लाइट सेवा शुरू कर दी है. इन नई सेवाओं के बाद उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों के यात्रियों को देश के कई प्रमुख शहरों तक पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा. एयरलाइंस का लक्ष्य आने वाले दिनों में नोएडा एयरपोर्ट को देश के प्रमुख एविएशन हब के रूप में विकसित करना है.
इंडिगो ने 8 नए शहरों को जोड़ा, नेटवर्क हुआ और मजबूत
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 15 जून 2026 को हुआ था. शुरुआत में इंडिगो ने बेंगलुरु, हैदराबाद, लखनऊ, जम्मू और अमृतसर के लिए अपनी सेवाएं शुरू की थीं. अब एयरलाइन ने अपने नेटवर्क का विस्तार करते हुए 1 जुलाई से जयपुर, जोधपुर, चंडीगढ़, देहरादून, धर्मशाला, भोपाल, बरेली और पंतनगर के लिए नई उड़ानें शुरू कर दी हैं. इसके अलावा 2 जुलाई से किशनगढ़ को भी इंडिगो के नेटवर्क में शामिल किया जा रहा है. इसके साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंडिगो की कुल घरेलू डेस्टिनेशन की संख्या बढ़कर 15 हो जाएगी.
एक ही दिन में शुरू की गईं रिकॉर्ड 31 नई उड़ानें
इंडिगो ने नेटवर्क विस्तार के तहत एक ही दिन में रिकॉर्ड 31 नई उड़ानों का संचालन शुरू किया है. एयरलाइन का कहना है कि इन नई उड़ानों का उद्देश्य यात्रियों को ज्यादा विकल्प उपलब्ध कराना और देश के अलग-अलग हिस्सों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी देना है. नई फ्लाइट्स शुरू होने के बाद उत्तर भारत के यात्रियों के लिए कई प्रमुख पर्यटन, धार्मिक और व्यावसायिक शहरों तक यात्रा करना अधिक सुविधाजनक हो जाएगा.
मुंबई के लिए अकासा एयर ने भी शुरू की नई सेवा
इंडिगो के अलावा अकासा एयर ने भी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपने नेटवर्क का विस्तार किया है. एयरलाइन ने 2 जुलाई से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए नई फ्लाइट सेवा शुरू कर दी है. बुकिंग पोर्टल के अनुसार, अकासा एयर अब रोजाना मुंबई के लिए दो नई उड़ानों का संचालन करेगी. इससे पहले भी एयरलाइन देश के दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट—नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट—को आपस में जोड़ने वाली पहली एयरलाइन बन चुकी है.
जुलाई में रोजाना 40 से ज्यादा उड़ानों का लक्ष्य
इंडिगो और अकासा एयर ने 16 जून से नोएडा एयरपोर्ट पर नियमित परिचालन शुरू किया था. शुरुआती चरण में दोनों एयरलाइंस की ओर से कुल 12 दैनिक उड़ानें संचालित की जा रही थीं, जिनमें आठ उड़ानें इंडिगो और चार उड़ानें अकासा एयर की थीं. अब नेटवर्क विस्तार के बाद उड़ानों की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है. इंडिगो द्वारा शुरू किए गए नए रूट्स में बरेली, जोधपुर और किशनगढ़ के लिए उड़ानें एक दिन छोड़कर संचालित होंगी, जबकि बाकी सभी शहरों के लिए फ्लाइट सेवा रोजाना उपलब्ध रहेगी.
13 जुलाई से और बढ़ेगी फ्लाइट्स की संख्या
इंडिगो ने घोषणा की है कि 13 जुलाई से चंडीगढ़ रूट पर दो अतिरिक्त दैनिक उड़ानें भी शुरू की जाएंगी. इसके बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या में और वृद्धि होगी. एयरलाइंस की योजना के अनुसार जुलाई महीने के दौरान नोएडा एयरपोर्ट से प्रतिदिन 40 से 42 उड़ानों का संचालन किया जाएगा. इससे यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे और देश के अलग-अलग हिस्सों के बीच हवाई संपर्क पहले से अधिक मजबूत होगा.
यह भी पढ़े: PM मोदी ने प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को बताया छोटी बहन, AI सहित कई अहम मुद्दों पर की चर्चा