Oracle Layoff: सुबह की शुरुआत आमतौर पर दिनभर के काम और जिम्मेदारियों की तैयारी के साथ होती है. लेकिन सोचिए, दिन शुरू होते ही अगर ऑफिस से ऐसा ईमेल मिले जिसमें आपकी नौकरी खत्म होने की जानकारी दी गई हो, तो उस पल कर्मचारी पर क्या बीतेगी. ग्लोबल टेक कंपनी Oracle के कुछ कर्मचारियों के लिए 14 सितंबर की सुबह कुछ ऐसी ही रही. कंपनी की ओर से सुबह करीब 6 बजे भेजे गए ईमेल में कर्मचारियों को बताया गया कि उसी दिन उनका आखिरी वर्किंग डे होगा.
रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मचारियों को भेजे गए ईमेल की शुरुआत ही इस जानकारी से हुई कि “आज आपका काम का आखिरी दिन है.” इसके बाद कंपनी ने कर्मचारियों की पोजीशन से जुड़ी मुश्किल खबर साझा की. अचानक नौकरी खत्म होने की जानकारी मिलने से प्रभावित कर्मचारियों के लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं था.
अचानक क्यों खत्म की गईं कर्मचारियों की पोजीशन?
कंपनी की ओर से भेजे गए ईमेल में बताया गया कि ऑर्गनाइजेशन में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं और इसी प्रक्रिया के तहत प्रभावित कर्मचारियों की पोजीशन को खत्म किया जा रहा है. हालांकि, ईमेल में किसी खास वजह का उल्लेख नहीं किया गया. कंपनी ने अपने फैसले के पीछे मौजूदा बिजनेस जरूरतों और संगठन में जरूरी बदलावों का हवाला दिया. ईमेल में कहा गया है, ”ओरेकल की मौजूदा बिजनेस जरूरतों पर अच्छी तरह सोच-विचार करने के बाद हमने कंपनी में बड़े बदलाव के तहत आपके पोजीशन को खत्म करने का फैसला किया है इसलिए आज आपका आखिरी वर्किंग डे है.” इस संदेश के बाद प्रभावित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से कंपनी से अलग होने की प्रक्रिया का सामना करना पड़ा.
प्रभावित कर्मचारियों को मिलेगा सेवरेंस पैकेज
छंटनी की चपेट में आए कर्मचारियों के लिए कंपनी की ओर से सेवरेंस पैकेज का प्रावधान किया गया है. बताया जा रहा है कि प्रभावित कर्मचारी Oracle के सेवरेंस प्लान में तय शर्तों के मुताबिक इस पैकेज के लिए पात्र होंगे. कर्मचारियों को उनके Oracle ईमेल एड्रेस पर DocuSign की तरफ से एक अलग ईमेल भी भेजा जाएगा. इसमें मुआवजे और अंतिम कार्यदिवस से संबंधित जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी.
पर्सनल ईमेल देना होगा जरूरी
नौकरी खत्म होने के बाद कर्मचारियों का ऑफिस ईमेल अकाउंट बंद किया जा सकता है. ऐसे में आगे की जानकारी हासिल करने के लिए कर्मचारियों को अपना पर्सनल ईमेल एड्रेस कंपनी के साथ साझा करना होगा. DocuSign से भेजे जाने वाले डिजिटल फॉर्म में ‘Immediate Action Required’ नाम का एक सेक्शन दिया गया है. इसमें कर्मचारियों को अपना निजी ईमेल एड्रेस दर्ज करना होगा. इसी माध्यम से उन्हें आगे ट्रांजिशन से जुड़ी जरूरी जानकारी, FAQ और सेपरेशन से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे.
यह भी पढ़े: Antilia के गणेशोत्सव में छाईं राधिका अंबानी, भक्तिमय डांस ने जीता हर किसी का दिल

