Saudi Arabia Flights: सऊदी अरब में सुरक्षा स्थिति को देखते हुए भारतीय एयरलाइंस ने अपनी उड़ानों को लेकर बड़ा फैसला लिया है. एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद, जेद्दा और दम्माम के लिए आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 20 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया है.
वहीं, इंडिगो और अकासा एयर ने भी सऊदी अरब के लिए अपनी कुछ उड़ानें रद्द रखने का फैसला किया है. इस फैसले से इन मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों को रिफंड और टिकट दोबारा बुक कराने जैसे विकल्प देने की जानकारी दी है.
एयर इंडिया ने 20 अक्टूबर तक रद्द की उड़ानें
एयर इंडिया ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी यात्रा परामर्श में बताया कि सऊदी अरब में बदलती सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर रियाद, जेद्दा और दम्माम के लिए तथा वहां से संचालित होने वाली उसकी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी. एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. रद्द उड़ानों से प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जाएगा. यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले एयरलाइन की ओर से जारी ताजा जानकारी देखने की सलाह भी दी गई है.
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी बढ़ाया उड़ानों का निलंबन
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी सऊदी अरब के प्रमुख शहरों के लिए अपनी उड़ानों का निलंबन 20 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है. इसके तहत दम्माम, जेद्दा और रियाद के लिए तथा वहां से आने वाली उड़ानें प्रभावित रहेंगी. एयरलाइन ने बताया कि वह स्थिति पर लगातार नजर रख रही है. जरूरत पड़ने पर उड़ानों के संचालन से जुड़े फैसलों की दोबारा समीक्षा की जाएगी. प्रभावित यात्रियों की सहायता के लिए टीमें काम कर रही हैं. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यात्रियों को रद्द उड़ानों के बदले बिना अतिरिक्त शुल्क के टिकट री-शेड्यूल कराने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प भी दिया है.
इंडिगो ने 24 अक्टूबर तक रद्द की उड़ानें
इंडिगो ने भी सऊदी अरब की सुरक्षा स्थिति का आकलन करने के बाद रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए तथा वहां से संचालित होने वाली उड़ानों को 24 अक्टूबर 2026 तक रद्द रखने की घोषणा की थी. इस फैसले से इन शहरों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी योजनाओं में बदलाव करना पड़ सकता है. यात्रियों को उड़ानों की स्थिति की जानकारी लेने और टिकट से संबंधित विकल्पों के लिए एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है.
अकासा एयर ने भी बढ़ाई उड़ानों पर रोक
अकासा एयर ने भी सऊदी अरब के लिए अपनी कुछ उड़ानों का निलंबन बढ़ाने की जानकारी दी है. एयरलाइन के मुताबिक, रियाद के लिए और वहां से संचालित उड़ानें 24 अक्टूबर तक, जबकि जेद्दा के लिए उड़ानें 21 अक्टूबर 2026 तक निलंबित रहेंगी. प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड लेने या बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने का विकल्प दिया जाएगा. यात्रियों को टिकट में बदलाव कराने से पहले एयरलाइन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जांच करने की सलाह दी गई है.
सऊदी अरब जाने वाले यात्री इन बातों का रखें ध्यान
सऊदी अरब के लिए उड़ानों का निलंबन अलग-अलग एयरलाइंस और गंतव्यों के अनुसार अलग अवधि तक लागू रहेगा. ऐसे में यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों के लिए जरूरी है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की मौजूदा स्थिति की पुष्टि कर लें. यात्रियों को अपने मोबाइल नंबर और ईमेल सहित संपर्क विवरण एयरलाइन के रिकॉर्ड में अपडेट रखने चाहिए, ताकि उड़ान रद्द होने, समय में बदलाव या रिफंड से जुड़ी जानकारी समय पर मिल सके.
एयरलाइंस ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिचालन संबंधी फैसलों की लगातार समीक्षा की जाएगी. उड़ान सेवाएं कब सामान्य होंगी, यह आगे की स्थिति और एयरलाइंस के फैसलों पर निर्भर करेगा.
यह भी पढ़ेे: सितंबर में महिलाओं की बेरोजगारी दर बढ़ी, शहरी क्षेत्रों में 9.2% तक पहुंचा आंकड़ा; जानें रोजगार के ताजा आंकड़े