Tesla India News: भारत में अपनी मौजूदगी को लगातार मजबूत कर रही इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला ने ग्राहकों के लिए बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने महाराष्ट्र के पुणे में अपना पहला अधिकृत बॉडी शॉप शुरू करने का ऐलान किया है. इसके साथ ही पुणे और आसपास के इलाकों में 2026 Model Y Premium Rear-Wheel Drive और Model YL की टेस्ट ड्राइव भी शुरू कर दी गई है. कंपनी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य भारतीय ग्राहकों को बेहतर आफ्टर-सेल्स सर्विस देना और इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के बाद उनका अनुभव पहले से अधिक आसान और भरोसेमंद बनाना है.
महाराष्ट्र के ग्राहकों को मिलेगी बेहतर आफ्टर-सेल्स सर्विस
टेस्ला के अनुसार, पुणे में शुरू किया गया यह अधिकृत बॉडी शॉप महाराष्ट्र के ग्राहकों को कंपनी के वैश्विक मानकों के अनुरूप मरम्मत और रखरखाव की सुविधा देगा. यहां वाहन मालिकों को ओरिजिनल टेस्ला स्पेयर पार्ट्स, प्रशिक्षित तकनीशियनों की सेवाएं और दुर्घटना के बाद प्रोफेशनल रिपेयर की सुविधा मिलेगी. कंपनी का मानना है कि इससे वाहनों की सुरक्षा और प्रदर्शन बेहतर बना रहेगा, साथ ही मरम्मत में लगने वाला समय भी कम होगा.
आधुनिक तकनीक से होगी वाहन की जांच और मरम्मत
कंपनी ने बताया कि नई सुविधा में सॉफ्टवेयर आधारित डायग्नोस्टिक्स, बॉडी वर्क, दुर्घटना के बाद रिपेयर और कंपनी द्वारा स्वीकृत मरम्मत प्रक्रिया के अनुसार सभी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसका उद्देश्य ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय सर्विस अनुभव देना है, ताकि वाहन लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन करता रहे.
पुणे में शुरू हुई Model Y और Model YL की टेस्ट ड्राइव
ग्राहकों तक अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए टेस्ला ने पुणे और आसपास के क्षेत्रों में 2026 Model Y Premium Rear-Wheel Drive और Model YL की टेस्ट ड्राइव भी शुरू कर दी है. इच्छुक ग्राहक कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या ग्राहक सहायता केंद्र के माध्यम से टेस्ट ड्राइव बुक कर सकते हैं. कंपनी का मानना है कि इससे संभावित ग्राहकों को वाहन खरीदने से पहले उसके प्रदर्शन और फीचर्स को करीब से समझने का अवसर मिलेगा.
50.89 लाख रुपए से शुरू होती है Model Y की कीमत
2026 Model Y Premium Rear-Wheel Drive की शुरुआती कीमत 50.89 लाख रुपए रखी गई है. यह इलेक्ट्रिक एसयूवी एक बार चार्ज करने पर WLTP प्रमाणित 500 किलोमीटर तक की रेंज देती है. वाहन महज 5.9 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है. इसके अलावा इसमें 2,138 लीटर तक का स्टोरेज स्पेस दिया गया है. कंपनी ने बताया कि इसकी डिलीवरी जुलाई 2026 से शुरू होगी.
बड़े परिवारों के लिए लाई गई Model YL
टेस्ला ने भारतीय ग्राहकों के लिए Model YL भी पेश की है. यह तीन पंक्तियों वाली छह सीटों की ऑल-व्हील ड्राइव एसयूवी है, जिसे खासतौर पर बड़े परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. इसकी शुरुआती कीमत 61.99 लाख रुपए है. यह एक बार चार्ज करने पर WLTP प्रमाणित 681 किलोमीटर तक की रेंज देती है और केवल 5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल कर सकती है. इसके साथ 2,539 लीटर तक का कार्गो स्पेस भी उपलब्ध कराया गया है.
भारत में तेजी से बढ़ा रही है अपनी मौजूदगी
कंपनी का कहना है कि अधिकृत बॉडी शॉप और टेस्ट ड्राइव नेटवर्क का विस्तार भारत में ग्राहकों को बेहतर ओनरशिप एक्सपीरियंस देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. टेस्ला के मुताबिक, पुणे में इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से अपनाया जा रहा है और शहर का मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम इसे बिक्री, सर्विस और ग्राहक सहायता के विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार बनाता है. आने वाले समय में कंपनी देश के अन्य शहरों में भी अपनी सर्विस और ग्राहक सुविधाओं का विस्तार कर सकती है.
यह भी पढ़े: भारत के टेक्सटाइल निर्यात को मिली नई रफ्तार, 3.25 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंचा एक्सपोर्ट