Top 10 Companies Market Cap: भारतीय शेयर बाजार में बीते हफ्ते की हलचल का असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों की मार्केट वैल्यू पर भी देखने को मिला. टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से चार कंपनियों के मार्केट कैप में कुल 1.43 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई. इनमें सबसे बड़ा फायदा सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को मिला. बैंक के मजबूत तिमाही नतीजों के बाद निवेशकों का भरोसा बढ़ा, जिसका असर उसके बाजार पूंजीकरण पर साफ दिखाई दिया.
वहीं, टॉप-10 कंपनियों में शामिल बाकी छह कंपनियों के मार्केट कैप में कुल करीब 1.23 लाख करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई. यानी एक तरफ जहां कुछ बड़ी कंपनियों की वैल्यूएशन में जोरदार बढ़ोतरी हुई, वहीं दूसरी ओर कई दिग्गज कंपनियों के शेयरों में दबाव देखने को मिला.
SBI के मार्केट कैप में सबसे बड़ा उछाल
बीते हफ्ते भारतीय स्टेट बैंक के मार्केट कैप में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई. SBI का बाजार पूंजीकरण 63,922.03 करोड़ रुपये बढ़कर 10,11,721.84 करोड़ रुपये पहुंच गया. बैंक की ओर से FY26-27 की पहली तिमाही के बेहतर नतीजे पेश किए जाने के बाद शेयर में सकारात्मक रुझान देखने को मिला. मार्केट कैप में इस बढ़ोतरी के साथ SBI देश की सबसे अधिक मूल्यवान कंपनियों की सूची में अपनी स्थिति मजबूत करने में सफल रहा.
रिलायंस इंडस्ट्रीज़ को भी 32,816 करोड़ का फायदा
देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज़के मार्केट कैप में भी बीते हफ्ते अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई. कंपनी की बाजार वैल्यूएशन 32,816.40 करोड़ रुपये बढ़कर 18,01,925.19 करोड़ रुपये हो गई. मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस अब भी देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है.
TCS और L&T की वैल्यूएशन भी बढ़ी
आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (TCS) के मार्केट कैप में 31,875.35 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई. इसके बाद कंपनी की कुल बाजार वैल्यूएशन बढ़कर 8,87,770.13 करोड़ रुपये हो गई. वहीं, Larsen & Toubro (L&T) का मार्केट कैप भी 14,637.76 करोड़ रुपये बढ़ा. कंपनी की बाजार पूंजीकरण वैल्यूएशन अब 5,56,482.45 करोड़ रुपये हो गई है.
LIC को सबसे ज्यादा नुकसान
टॉप-10 कंपनियों में मार्केट कैप गंवाने वाली कंपनियों में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) सबसे आगे रही. बीते हफ्ते LIC की बाजार वैल्यूएशन में 40,543.23 करोड़ रुपये की कमी आई और इसका मार्केट कैप घटकर 4,96,891.82 करोड़ रुपये रह गया. बजाज फाइनेंस की बाजार पूंजीकरण वैल्यूएशन में 37,168.96 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई. इसके बाद कंपनी का मार्केट कैप 6,73,648.55 करोड़ रुपये रह गया. इसी तरह HDFC Bank का मार्केट कैप 24,183.16 करोड़ रुपये घटकर 11,27,967.47 करोड़ रुपये रह गया.
ICICI Bank और Bharti Airtel भी पिछड़े
ICICI Bank के बाजार पूंजीकरण में 9,507.67 करोड़ रुपये की कमी आई. इसके बाद बैंक की वैल्यूएशन 10,20,370.63 करोड़ रुपये रह गई. दूरसंचार क्षेत्र की दिग्गज कंपनी Bharti Airtel का मार्केट कैप भी 7,581.65 करोड़ रुपये घटा. कंपनी की बाजार वैल्यूएशन अब 12,22,423.98 करोड़ रुपये रह गई है. हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) भी उन कंपनियों में शामिल रही, जिनकी बाजार वैल्यूएशन में गिरावट दर्ज की गई. कंपनी का मार्केट कैप 4,793.16 करोड़ रुपये घटकर 4,88,808.97 करोड़ रुपये रह गया.
सेंसेक्स और निफ्टी में भी रही तेजी
मार्केट कैप में इस उतार-चढ़ाव के बीच भारतीय शेयर बाजार ने बीते हफ्ते सकारात्मक रुख के साथ कारोबार किया. सेंसेक्स 404.53 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ. वहीं, NSE का निफ्टी भी 187.05 अंक यानी 0.76 प्रतिशत चढ़ा. बाजार में तेजी के बीच कुछ दिग्गज कंपनियों की वैल्यूएशन में बढ़ोतरी हुई, जबकि कुछ प्रमुख शेयरों में गिरावट के चलते उनके मार्केट कैप में कमी दर्ज की गई.
यह भी पढ़े: सुबह उठने का सही समय क्या है? आयुर्वेद में ब्रह्म मुहूर्त को क्यों माना गया खास, जानें फायदे