NEET Re-Exam 2026: पेपर लीक होने के बाद बीते दिन 21 जून तो NEET की दोबारा परीक्षा कराई गई. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने इस बार सुनिश्चित किया था कि परीक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो. हालांकि, इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच एक 18 वर्षीय छात्र एग्ज़ाम सेंटर के अंदर फ़ोन ले जाने में सफल हुआ. हालांकि, हैदराबाद सिटी पुलिस ने उसे गिरफ़्तार कर लिया.
नकल करने की साजिश रच रहा था छात्र
18 वर्षीय छात्र को आदिबतला पुलिस स्टेशन के इलाके में आने वाले रागननागुडा के ZPHS में परीक्षा में गड़बड़ी करते हुए पकड़ा गया. छात्र अचंपेट का रहने वाला है. उसने सुबह करीब 7 बजे स्कूल पहुंचकर वॉशरूम के वेंटिलेटर में फ़ोन छिपा दिया. वो यहां तक पहुंचने में इसलिए सफल रहा क्योंकि वॉशरूम का वेंटिलेटर स्कूल की बाहरी दीवार से सटा हुआ था. आरोपी छात्र सुबह 11 बजे वॉशरूम में गया और मोबाइल फ़ोन को जिप-लॉक कवर में रखकर फ्लश टैंक में छिपा दिया.
पकड़ में नहीं आया आरोपी NEET Re-Exam 2026
हालांकि, सुरक्षा टीमों ने सुबह 6:00 बजे और सुबह 11:00 बजे परिसर की अच्छी तरह से जांच की. इसके अलावा एंट्री गेट पर उम्मीदवारों की तलाशी भी ली थी, लेकिन फिर भी जांच के दौरान फ्लश टैंक के अंदर छिपाया गया फोन पकड़ में नहीं आया.
आरोपी ने पेट दर्द की शिकायत की
वॉशरूम जाने के लिए आरोपी ने पेट दर्द का बहाना बनाया. इनविजिलेटर ने नोटिस किया कि छात्र काफी समय लगा रहा है, तो उन्होंने स्टाफ सदस्यों को उसका पता लगाने के लिए भेजा. जिसके बाद छात्र को वॉशरूम के अंदर फोन पर जवाब ढूंढ़ते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया.
पुलिस की हिरासत में है आरोपी
पुलिस को इस मामले की सूचना दी गई. जिसके बाद पुलिस ने फ़ोन को जब्त कर लिया. वो जवाब ढूंढ़ने के लिए गूगल क्रोम का यूज़ कर रहा था. फ़ोन में क्रोम और इंस्टाग्राम के अलावा कोई और ऐप नहीं चालू था. पुलिस ने पूछताछ की तो, छात्र ने अपना गुनाह क़बूल कर लिया. फ़िलहाल वो पुलिस की हिरासत में है.

