Ranchi: झारखंड में छात्रों के आंदोलन के बीच JSSC JE पेपर लीक मामले में SIT को बड़ी सफलता मिली है. परीक्षा संचालन एजेंसी के डायरेक्टर अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्हें मुंबई से पकड़ा गया है. अरुण कुमार Bynsis Technology Pvt. Ltd. के निदेशक हैं. यह एजेंसी 2022 JSSC जूनियर इंजीनियर परीक्षा के संचालन से जुड़ी थी.
1,279 पदों पर भर्ती
यह परीक्षा 3 जुलाई 2022 को हुई थी. इसमें 1,279 पदों पर भर्ती होनी थी. परीक्षा से पहले ही प्रश्नों की ‘आंसर की’ वायरल हो गई थी. पेपर लीक होने के बाद JSSC ने परीक्षा रद्द कर दी थी. जांच में परीक्षा संचालन एजेंसी की संलिप्तता के सबूत मिले हैं. पटना में अभ्यर्थियों को प्रश्न और उत्तर रटवाने की बात भी सामने आई है. इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SIT लगातार छापेमारी कर रही है.
पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते भी गिरफ्तार
इससे पहले सोमवार को JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते को भी गिरफ्तार किया गया था. देर रात उन्हें जेल भेज दिया गया. 21 जुलाई को CID और रांची पुलिस ने JPSC कार्यालय में छापेमारी की. अधिकारियों के कार्यालय और कुछ अन्य ठिकानों की भी जांच की गई. कंप्यूटर, लैपटॉप और दूसरे डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले गए. परीक्षा से जुड़ी आउटसोर्स एजेंसी के कार्यालय को सील कर जांच की गई. दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस की जांच हुई.
7 लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर
छापेमारी के दौरान करीब 7 लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई थी. पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते का नाम जांच के दायरे में आया. उनके रांची स्थित आवास पर भी CID ने छापेमारी की. इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया और जेल भेजा गया. जांच सिर्फ परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है. परीक्षा संचालन, आउटसोर्स एजेंसी और आयोग से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें. वंदे मातरम् के अपमान को अपराध बनाने वाले विधेयक को राष्ट्रपति मुर्मू ने दी मंजूरी