Accident in Amritsar: पंजाब से सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है. गुरुवार की दोपहर करीब 2 बजे अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे-54 पर गांव बंडाला में बुत्तां वाले मोड़ के पास ट्रक और स्कॉर्पियो में टक्कर हो गई. हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई. स्कॉर्पियो में सवार एक व्यक्ति की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई.
ट्रक से पीछे से टकराई स्कॉर्पियो
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तरनतारन से अमृतसर की ओर जा रहे बजरी से भरे ट्रक के पीछे से एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो टकरा गई. टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई. आग इतनी भयानक थी कि स्कॉर्पियो में सवार व्यक्ति को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह अंदर ही जिंदा जल गया.
लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने अमृतसर फायर ब्रिगेड को तुरंत सूचना दी गई, लेकिन करीब एक घंटे बाद भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची. इसके बाद तरनतारन से फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलानी पड़ी.
पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो में सिर्फ एक व्यक्ति सवार था, जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है. बताया जा रहा है कि गाड़ी तरनतारन जिले की है. मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.