Paonta Sahib Accident: हिमाचल प्रदेश से भीषण सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है. यहां सिरमौर जिले में पांवटा साहिब के पुराने यमुना पुल पर शनिवार की देर रात एक हाई स्पीड कार डंपर से टकरा गई. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हादसा रात करीब 12 बजे हुआ. कमरऊ खजियार निवासी अनिल चौहान अपनी कार से यमुना पुल से गुजर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने पुल के बीच एक बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा. कार की पहचान एचपी 22ई-9005 के रूप में हुई, जिसे अनिल चौहान पहचानते थे. अनिल के मुताबिक, कार तरसेम नेगी की थी. दुर्घटना के बाद कार की ड्राइविंग सीट पर तरसेम नेगी, बगल की सीट पर अमित और पिछली सीट पर सोनू सिवाच घायल अवस्था में पड़े थे.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. सोनू सिवाच को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं, कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने की वजह से तरसेम नेगी और अमित वाहन में ही फंस गए थे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार की अगली दोनों खिड़कियां खोलकर दोनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार अपने आगे पांवटा साहिब की ओर जा रहे एक डंपर से पीछे से टकराई. शुरुआती तौर पर हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार बताई जा रही है. हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया. एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है.

