Khargone Accident: मध्य प्रदेश से सड़क हादसे की खबर सामने आई है. शनिवार की देर रात यहां खरगोन जिले में कार और बाइक की टक्कर हो गई. टक्कर के बाद बाइक में भीषण आग लग गई. इस दुर्घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई.
दुर्घटना के बाद फरार हुआ कार चालक
मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना कसरावद थाना क्षेत्र के सैलानी बायपास मार्ग पर हुई. कार और बाइक की सामने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल में भीषण आग लग गई, जबकि कार बेकाबू होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई. इस दौरान कार का ड्राइवर मौके से फरार हो गया.

इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस स्टेशन के इंचार्ज इंद्रेश त्रिपाठी ने PTI को बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि ये दोनों युवक मोटरसाइकिल से इंदौर से खरगोन लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ.
इस रूप में हुई मृतकों की पहचान
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान जयंत वर्मा (19 वर्ष) और लकी सेंगर (18 वर्ष) के रूप में हुई. दोनों स्थानीय निवासी थे. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए कसरावद के अस्पताल भेजा. मामला दर्ज कर फरार कार की चलाश की जा रही है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.